NCRB Report: देखिए देश में अपराध का रिपोर्ट कार्ड, योगी राज में UP कई राज्यों के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 31, 2022, 05:16 PM IST

देश में दर्ज कुल 31,677 बलात्कार मामलों में से 6,337 राजस्थान में हुए हैं। जबकि उत्तर प्रदेश में 2,845 मामले दर्ज किए गए हैं।

एनसीआरबी ने अपनी रिपोर्ट जारी कर दी है। इसके अनुसार देशभर में औसतन 80 मर्डर रोज हो रहे हैं। इसके साथ ही 2021 में हर दिन 86 बलात्कार के मामले सामने आए हैं। इसके अलावा 278 अपहरण के केस भी दर्ज हुए हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ के राज में यूपी का प्रदर्शन क्राइम रेट के मामले में कई राज्यों से बेहतर है। एनसीआरबी के 2021 के आंकड़ों के मुताबिक, देश भर में सांप्रदायिक हिंसा के 378 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से सिर्फ एक मामला उत्तर प्रदेश में दर्ज किया गया है। वहीं, महाराष्ट्र में 100, झारखंड में 77, बिहार में 51 और हरियाणा में 40 मामले दर्ज हुए। 

वहीं यूपी मर्डर का रेट देखें तो यह 1.6 प्रतिशत है। वहीं राजस्थान में 2.2, बंगाल में 1.1, झारखंड में 4.1 और तेलंगाना में 2.7 प्रतिशत है। वहीं रेप के मामले में यूपी में यह रेट 2.6 है तो वहीं राजस्थान में यह 16.4 प्रतिशत है। जबकि बंगाल में 2.3, झारखंड में 7.6 और तेलंगाना में 4.4 है।

वहीं पूरे देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में 2021 में महिलाओं के खिलाफ अपराध में 15.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 2020 में 3,71,503 मामलों दर्ज हुए थे, जबकि 2021 में 4,28,278 मामले दर्ज किए गए हैं।

एनसीआरबी की रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी में पिछले साल हर दिन दो नाबालिग लड़कियों के साथ बलात्कार किया गया है।जिससे यह देश भर में महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित महानगर बन गया है। एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 2021 में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के 13,892 मामले दर्ज किए गए, जो 2020 की तुलना में 40% से अधिक की है। 2020 में यह आंकड़ा 9,782 था।

End of Article