कल का मौसम कैसा रहेगा शुक्रवार (07 नवंबर 2026) : पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसका प्रभाव उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले हिस्सों रहेगा। अगले 48 घंटे के दौरान पर्वतीय भागों पर बारिश और बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस में गिरावट आएगी और लोगों को ठंडक का एहसास होगा। हालांकि, उत्तर भारत में इसका असर कम रहेगा और दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम साफ रहेगा। हालांकि, 11-12 नवंबर को बादलों की आवाजाही रहेगी, लेकिन बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। उधर, दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून के सक्रिय रहने से केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों पर तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। पूर्वोत्तर भारत के ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में मौसमी गतिविधियां होने की संभावना है।
चक्रवाती तूफान मुरासु कमजोर
चक्रवाती तूफान मुरासु कमजोर हो गया है, जिसके कारण बारिश की गतिविधियां कम हो गई हैं। लेकिन, कुछ तटीय हिस्सों पर आंधी-बारिश की गतिविधियां रिकॉर्ड की जा सकती है। फिलहाल, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और जम्मू-कश्मीर में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में हल्की बर्फबारी के आसार
पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ हल्की बर्फबारी की संभावना है। बर्फ गिरने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को ठंड का एहसास होगा। 11-12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले भागों मेघ गर्जन और बारिश के साथ बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। हालांकि, मैदानी भागों पर मौसम साफ रह सकता है। लेकिन सर्द बढ़ेगी। इधर, उत्तराखंड में अगले सप्ताह मौसम तेजी से बदलेगा और उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और रूद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले भागों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। तापमान में कमी आने के संकेत हैं।
दिल्ली-NCR में खराब रहेगी हवा की गुणवत्ता
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज सामान्य है। हल्की सर्द बढ़ने के साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खराब श्रेणी में बना रहेगा। ऐसे में लोगों को प्रदूषण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। एक्यूआई पहले ही 400 के स्तर से ऊपर पहुंच गया है। इधर, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हवा की क्वालिटी बेहद खराब स्थिति में पहुंच चुकी है। आने वाले दिनों में मौसम तेजी से बदलेगा और ठंडक का एहसास होगा।
