Vande Matram: वंदे मातरम् गीत नहीं राष्ट्रीय प्रीत, पर कांग्रेस को इससे 'एलर्जी...' लोकसभा में बोले अनुराग ठाकुर
- Edited by: रवि वैश्य
- Updated Dec 8, 2025, 06:17 PM IST
Vande Mataram: भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम से 'हमें एनर्जी' मिलती है, वहीं विपक्षी दल को इससे 'एलर्जी' होती है
लोकसभा में बोले अनुराग ठाकुर
Vande Mataram News: भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम से 'हमें एनर्जी' मिलती है, वहीं विपक्षी दल को इससे 'एलर्जी' होती है।लोकसभा में, 'राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चर्चा' में भाग लेते हुए ठाकुर ने कहा, 'कांग्रेस ने वंदे मातरम् के शताब्दी वर्ष पर आपातकाल लगाकर देश को अंधेरे में पहुंचाया। यह काम उस समय की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया और आज स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वंदे मातरम् के इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को देश के सामने रखा।'
उन्होंने चर्चा की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के दौरान, सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी के अनुपस्थित रहने का जिक्र करते हुए कहा, 'वंदे मातरम् गीत नहीं राष्ट्रीय प्रीत है इसलिए कांग्रेस इससे भयभीत है। जब चर्चा शुरू हुई तो उस परिवार के दो सदस्य सदन में ही उपस्थित नहीं थे जिसे दशकों तक नेतृत्व का मौका मिला।'
ठाकुर ने सदन में प्रियंका गांधी वाद्रा के भाषण से पहले उन पर निशाना साधते हुए कहा, 'अभी गलियारों में चर्चा थी कि पिछले पांच दिन से प्रियंका जी तैयारी कर रही हैं और पूरा वंदे मातरम् बिना पढ़े सुनाएंगी। उन्होंने इतने महापाप किए हैं कि उनके प्रायश्चित का समय आ गया है।'
'जो हिस्से काटे गए थे, उनमें देवी दुर्गा की स्तुति थी, शक्ति की अराधना थी'
भाजपा सांसद ने दावा किया कि नेहरू के कहने पर वंदे मातरम् के जो हिस्से काटे गए थे, उनमें देवी दुर्गा की स्तुति थी, शक्ति की अराधना थी।
उन्होंने कहा, 'वंदे मातरम् से हमें एनर्जी मिलती है, कुछ लोगों को (कांग्रेस को) इससे एलर्जी होती है।' ठाकुर ने पूछा कि कांग्रेस आखिर इसका इतना विरोध क्यों कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की तरह समाजवादी पार्टी के कुछ जनप्रतिनिधियों ने भी राष्ट्रीय गीत का अपमान किया।
लोकसभा में आज 'वंदे मातरम्'की 150 वीं वर्षगांठ पर बहस हुई
गौर हो कि संसद का शीतकालीन सत्र जारी है। इसी बीच लोकसभा में आज 'वंदे मातरम्'की 150 वीं वर्षगांठ पर बहस हुई। बहस के दौरान राष्ट्रीय गीत के बीरे में कई महत्वपूर्ण और अज्ञात तथ्यों पर चर्चा चल रही है। बहस की शुरुआत पीएम मोदी ने की। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम् पर समझौता किया जो देश के लिए दुर्भाग्य है। कांग्रेस ने वंदे मातरम् के टुकड़े किए। कांग्रेस ने जिन्ना से समझौता कर लिया था।
पीएम मोदी ने कहा कि वंदे मातरम्, सिर्फ राजनीतिक लड़ाई का मंत्र नहीं था। सिर्फ अंग्रेज जाएं और हम अपनी राह पर खड़े हो जाएं, वंदे मातरम् सिर्फ यहां तक सीमित नहीं था। आजादी की लड़ाई, इस मातृभूमि को मुक्त कराने की जंग थी। मां भारती को उन बेड़ियों से मुक्त कराने की एक पवित्र जंग थी।
गांधी चाहते थे, वंदे मातरम बने 'नेशनल एंथम'
बहस के दौरान पीएम मोदी ने महात्मा गांधी का जिक्र किया। पीएम मोदी ने बताया ने बताया कि महात्मा गांधी वंदे मातरम पर क्या राय रखते थे।
उन्होंने कहा 'वंदे मातरम पर महात्मा गांधी की भावना क्या थी, वो भी रखना चाहता हूं। 1905 में गांधी जी लिखते हैं, यह गीत इतना लोकप्रिय हो गया, जैसे ये हमारा नेशनल एंथम बन गया है. इसकी भावनाएं महान है और यह अन्य राष्ट्रों के गीतों से मधुर है। इसका एकमात्र उद्देश्य हमारे भीतर देश भक्ति की भावना जगना है और ये भारत को माता के रूप में दिखता है।
दरअसल, उस समय नेशनल एंथम के रूप में दिखता था। उस समय वंदे मातरम की ताकत बहुत बड़ी है। फिर पिछली सदी में इसके साथ इतना बड़ा अन्याय क्यों हुआ? वंदे मातरम के साथ विश्वासघात क्यों हुआ? वो कौन सी ताकत थी, जिसकी इच्छा खुद पूज्य बापू की भावनाओं पर भी भारी पड़ गई। जिसने वंदे मातरम जैसी पवित्र भावना को भी विवादों में घसीट दिया। हमें उन परिस्थितियों को भी नई पीढि़यों को बताना है, जिसकी वजह से वंदे मातरम के साथ विश्वास घात किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।