Nainital News: उत्तराखंड के नैनीताल में ‘वीआईपी हनक’ दिखाना एक विधायक के बेटे को भारी पड़ गया। माल रोड पर यातायात नियमों का उल्लंघन और प्रशासनिक अधिकारी से बहस के बाद उसकी फॉर्च्यूनर कार को सीज कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की जहानाबाद सीट से भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल का बेटा अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आया था। माल रोड पर जाम के दौरान उसने बिना किसी आपात स्थिति के लगातार कार का हूटर बजाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के लोग भी परेशान हो गए।
एसडीएम से बहस करने लगा युवक
इसी दौरान मौके पर मौजूद एसडीएम की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने वाहन रुकवाकर हूटर बजाने का कारण पूछा, लेकिन गलती मानने के बजाय युवक कथित तौर पर बहस करने लगा। आरोप है कि उसने रौब दिखाते हुए मुख्यमंत्री का नाम लेकर दबाव बनाने की कोशिश की और वाहन छोड़ने की मांग की।
पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत की कार्रवाई
स्थिति को गंभीर होते देख एसडीएम ने तुरंत पुलिस को बुलाया। जांच के दौरान वाहन के जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान काटा और फॉर्च्यूनर को मौके पर ही सीज कर दिया। घटना के बाद वही युवक, जो कुछ देर पहले सड़क पर रसूख दिखा रहा था, अब अपनी गाड़ी छुड़वाने के लिए प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर लगाता नजर आ रहा है।
