Sergio Gor: भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने मणिपुर की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान बिष्णुपुर जिले में स्थित मीठे पानी की पूर्वोत्तर की सबसे बड़ी झील लोकटक में शनिवार को नौका विहार किया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। गोर कोलकाता में अमेरिकी महावाणिज्यदूत कैथी जाइल्स-डियाज के साथ शुक्रवार को मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचे थे। अधिकारी ने कहा, 'अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने लोकटक झील का दौरा किया और वहां नौका विहार किया।’
राज्यपाल-सीएम से मिले सर्जियो गोर
गोर ने शुक्रवार शाम मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह से अलग-अलग मुलाकात की थी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट में कहा, 'मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मिलने का अवसर मिला। हमने अमेरिका और भारत के बीच निरंतर संपर्क के महत्व पर चर्चा की।’अमेरिकी राजदूत ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मणिपुर को लेकर मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण के बारे में जानकर उन्हें अच्छा लगा।
संगाई महोत्सव में फिर से आने का निमंत्रण भी दिया
गोर ने कहा, 'हमने इस बारे में विचारों का आदान-प्रदान किया कि अमेरिका और भारत आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए किस तरह मिलकर काम कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने मुझे मणिपुर संगाई महोत्सव में फिर से आने का निमंत्रण भी दिया।’गोर ने अपनी यात्रा के पहले दिन शुक्रवार को पूर्ववर्ती मणिपुर साम्राज्य की प्राचीन राजधानी कांगला किले का दौरा किया। इसके साथ ही वह महिलाओं द्वारा संचालित प्रसिद्ध बाजार ’ख्वाइरामबंद कैथल’ भी गए।
कांगला किले का दौरा किया
गोर राज्य के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचे। अपनी यात्रा के पहले दिन गोर ने पूर्ववर्ती मणिपुर साम्राज्य की प्राचीन राजधानी कांगला किले का दौरा किया। इसके साथ ही वह केवल महिलाओं द्वारा संचालित प्रसिद्ध बाजार ’ख्वाइरामबंद कैथल’ भी गए।
अमेरिकी राजदूत ने मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह से उनके सचिवालय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात भी की।
दूत कैथी जाइल्स-डियाज भी मौजूद थीं
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, "आज अपने सचिवालय में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मिलकर बहुत खुशी हुई।" उन्होंने कहा, "हमें अमेरिका और मणिपुर के बीच संबंधों पर चर्चा करने का अवसर मिला। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले वर्षों में अमेरिका और मणिपुर (भारत) के बीच यह जुड़ाव और मजबूत होगा। इस दौरान अमेरिकी राजदूत के साथ कोलकाता में अमेरिकी महावाणिज्य दूत कैथी जाइल्स-डियाज भी मौजूद थीं।"
