Uttar Pradesh News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इसी सप्ताह मंत्री बनने की उम्मीद जतायी है। राजभर ने उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर राजग उम्मीदवारों की जीत का दावा भी किया है।
पूर्वांचल राज्य का गठन करने का किया दावा
ओपी राजभर ने सिकन्दरपुर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा आयोजित वंचित शोषित हक अधिकार रैली सम्बोधित करते हुए कहा, '2024 के लोकसभा चुनाव के बाद पूर्वांचल राज्य का गठन किया जाएगा। उसके बाद आप सबका मुख्यमंत्री होगा और आपकी सरकार बनेगी।' राजभर ने कहा, 'सबसे अधिक आबादी वाले उत्तर प्रदेश में दलितों, वंचितों, शोषितों को अभी तक उनका पूरा अधिकार नहीं मिल सका है। इसके लिए आवश्यक है कि सम्पूर्ण देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू की जाए।'
इसी सप्ताह मंत्री बनने की जतायी उम्मीद
राजभर प्रदेश में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के गठबंधन में शामिल थे, लेकिन वह कुछ माह पूर्व फिर से राजग में शामिल हो गए जिसके बाद से उन्हें योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार में मंत्री बनाने की लगातार अटकलें रही हैं। राजभर ने रैली के इतर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए इसी सप्ताह मंत्री बनने की उम्मीद जतायी।
पहले भी मंत्री बनने का कर चुके हैं दावा
ओम प्रकाश राजभर ने कहा 'आप लोगों की भावनाओं की कद्र इसी हफ्ते पूरी हो जायेगी।' राजभर पहले भी कई बार ख़ुद को मंत्री बनाये जाने का दावा कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत मिल रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जल्द ही योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में विस्तार होगा और इसमें राजग का हिस्सा बने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद), सपा छोड़कर फिर भाजपा में आये पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान और ओम प्रकाश राजभर समेत कुछ नये चेहरों को शामिल किया जा सकता है।
योगी सरकार 1.0 में मंत्री थे ओपी राजभर
ओपी राजभर ने 2017 में राजग के साथ चुनाव लड़ा था और योगी के नेतृत्व की पहली सरकार में मंत्री भी बने थे, लेकिन कुछ मतभेद के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफ़ा देकर राजग से रिश्ता तोड़ दिया था। राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा अब तक नौ बार विभिन्न दलों से गठबंधन कर उसे तोड़ चुकी हैं, लेकिन अखिलेश यादव से कोई सवाल नहीं करता और 'दो बार में ही हमसे तकलीफ हो रही है।'
ओम प्रकाश राजभर ने उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटों पर राजग उम्मीदवारों की जीत का संकल्प व्यक्त किया है। राजभर ने कहा 'हम लोगों का लक्ष्य 80 सीट जीतना है। राजग से जो भी प्रत्याशी लड़ेगा, उसको जिताकर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने का कार्य करेंगे।'
(भाषा)
