देश

विपक्ष करता रहा हंगामा और राज्यसभा में पेश हो गया यूनिफॉर्म सिविल कोड पर प्राइवेट मेंबर बिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 9, 2022, 05:10 PM IST

देश के कई राज्यों में पहले से ही यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर कानून बनाने की तैयारी चल रही है। चुनावों में भी यह मुद्दा जमकर उछलता रहा है। अब इससे संबंधित बिल के राज्यसभा में आने के बाद से यह स्पष्ट है कि सरकार भी इसके पक्ष में आ रही है।

शुक्रवार को राज्यसभा में यूनिफॉर्म सिविल कोड (Uniform Civil Code) पर एक प्राइवेट मेंबर बिल (Private Member Bill ) पेश किया गया। इस बिल को लेकर विपक्ष ने राज्यसभा में जमकर हंगामा किया, हालांकि इस हंगामे का कोई असर नहीं हुआ और बिल को पेश कर दिया गया।

किसने किया पेश

'भारत में समान नागरिक संहिता विधेयक, 2020' को भाजपा के एक सांसद ने प्राइवेट मेंबर बिल के तौर पर राज्यसभा में लाया है। शुक्रवार को लंच के बाद राज्यसभा में गैर सरकारी कामकाज शुरू होने पर सबसे पहले भाजपा के किरोड़ीमल मीणा ने भारत में एकसमान नागरिक संहिता विधेयक, 2020 पेश किया।

विपक्ष ने किया जोरदार विरोध

इस विधेयक के आते ही कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एम) और तृणमूल कांग्रेस के विपक्षी सांसदों ने विधेयक की प्रस्तुति की निंदा करते हुए दावा किया कि यह देश के सामाजिक ताने-बाने और विविधता में एकता को नष्ट कर देगा। उन्होंने सभापति जगदीप धनखड़ से इसे पेश करने की अनुमति नहीं देने की अपील की।

मत विभाजन में मिली जीत

जब हंगामा बढ़ा और भाजपा सांसद ने जब इस बिल को वापस लेने की विपक्ष की मांग को खारिज कर दिया, तब सभापति धनखड़ ने विपक्ष की मांग पर इस बिल को लेकर मतविभाजन करवाया। मतविभाजन में भाजपा सांसद का प्रस्ताव जीत गया। मत विभाजन में सदन ने 23 के मुकाबले 63 मतों से इस विधेयक को पेश करने की अनुमति प्रदान कर दी।

बीजेपी का है वादा

बता दें कि भाजपा हमेशा से इस विधेयक के पक्ष में रही है। 2019 में बीजेपी ने इसे अपने घोषणापत्र में भी शामिल किया था। गुजरात चुनाव और हिमाचल चुनाव के दौरान भी बीजेपी के नेता इसपर वादे करते दिखे थे।

एजेंसी इनपुट के साथ

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article