देश

'तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो' पर कांग्रेस का BJP को जवाब 'तुम्हारी क्यों इतनी सुलग रही है', देव की ताजपोशी पर शायराना अंदाज में चले तीर

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 29, 2023, 08:14 AM IST

Chhattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ में सीएम पद को लेकर बघेल और देव में रस्साकसी का दौर चला है। एक बार देव के समर्थन में विधायक दिल्ली तक आ गए और कांग्रेस आलाकमान से उन्हें ढाई साल सीएम बनाए जाने की मांग की। छत्तीसगढ़ चुनाव से पहले सीएम पद के लिए ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला तय हुआ था।

Image

छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम बनाए गए हैं टीएस सिंह देव। तस्वीर-@INCChhattisgarh

Chhattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में मुख्य लड़ाई भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच है। दोनों पार्टियां चुनावी समीकरणों को देखते हुए अपने कील-कांटे दुरुस्त कर रही हैं। इसी बीच, छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने चुनाव से चंद महीने पहले एक बड़ा कदम उठाया है। उसने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव को डिप्टी सीएम बना दिया है। टीएस सिंह देव को डिप्टी सीएम बनाए जाने पर भाजपा ने शायराना अंदाज में चुटकी ली है तो इस चुटकी का जवाब कांग्रेस ने उसी अंदाज में दिया है।

कांग्रेस ने ट्वीट कर शुभकामनाएं दीं

टीएस सिंह देव को डिप्टी सीएम बनाए जाने की घोषणा होने के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और देव की मुस्कुराते हुए एवं शुभकामनाओं के साथ एक तस्वीर ट्वीट की। कांग्रेस ने अपने पोस्ट में देव को बधाई देते हुए लिखा 'छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री टीएस सिंह देव जी को छत्तीसगढ़ शासन का उप मुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने पर अशेष शुभकामनाएं।'

Congress tweet

Congress tweet

ट्वीट पर भाजपा ने कसा तंज

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के इस ट्वीट पर तंज कसने में भाजपा ने देरी नहीं की। उसने सीएम बघेल और देव की इस तस्वीर को री-ट्वीट करते हुए शायराना अंदाज में कहा कि 'तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो, क्या गम है जिसको छुपा रहे हो!' भाजपा के इस तंज पर कांग्रेस भी पीछे नहीं रही, उसने पलटवार करते हुए री-ट्वीट किया कि 'तुम्हारी क्यों इतनी सुलग रही है कहां है आज जो धधक रही है?' सोशल मीडिया में इस ट्वीट पर लोग तरह-तरह से प्रतिक्रियाएं भी रहे हैं।

सीएम बघेल और मंत्री देव में चली है रस्साकशी

बता दें कि छत्तीसगढ़ में सीएम पद को लेकर बघेल और देव में रस्साकसी का दौर चला है। एक बार देव के समर्थन में विधायक दिल्ली तक आ गए और कांग्रेस आलाकमान से उन्हें ढाई साल सीएम बनाए जाने की मांग की। छत्तीसगढ़ चुनाव से पहले सीएम पद के लिए ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला तय हुआ था। यह तय हुआ कि पहले ढाई साल भूपेश बघेल और उसके बाद देव सीएम बनेंगे लेकिन कांग्रेस अपने इस फॉर्मूले पर आगे नहीं बढ़ पाई। इसे लेकर कई मौकों पर देव में नाराजगी भी देखी गई लेकिन अब ठीक चुनाव से पहले कांग्रेस ने उन्हें डिप्टी सीएम बनाकर उन्हें साधने की कोशिश की है।

भाजपा ने कहा-चुनाव हार रही कांग्रेस, दांव खेला

राज्य में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि प्रदेश में चुनावी हार को भांपते हुए पार्टी (कांग्रेस) ने यह दांव खेला है। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल, राज्य के वरिष्ठ नेता, राज्य प्रभारी कुमारी शैलजा और महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल शामिल हुए।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article