देश

तृणमूल नेताओं ने हिंदुओं को निशाना बनाकर रची मुर्शिदाबाद हिंसा की साजिश, बीजेपी का बड़ा आरोप

भाजपा प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में ममता बनर्जी से अपनी पार्टी के नेताओं के कुकृत्यों के लिए माफी मांगने की भी मांग की।

Image

मुर्शिदाबाद हिंसा रिपोर्ट पर बीजेपी ने टीएमसी को घेरा

BJP On Murshidabad Violence: भारतीय जनता पार्टी ने मुर्शिदाबाद हिंसा को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाया है। बीजेपी ने बुधवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हाल में हुई हिंसा की जांच के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट से यह उजागर हुआ है कि यह हिंसा तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं के इशारे पर हिंदुओं के खिलाफ की गई थी। जांच समिति की रिपोर्ट का हवाला देते हुए भाजपा ने मांग की कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तृणमूल कांग्रेस के संबंधित नेताओं के विरूद्ध कार्रवाई करें। पिछले महीने वक्फ संशोधन अधिनियम के विरूद्ध मुर्शिदाबाद में हिसा भड़की थी।

ममता बनर्जी से माफी मांगने की मांग

भाजपा प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में ममता बनर्जी से अपनी पार्टी के नेताओं के कुकृत्यों के लिए माफी मांगने की भी मांग की। तीन सदस्यीय समिति द्वारा हाई कोर्ट को सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि एक स्थानीय पार्षद ने 11 अप्रैल को धुलियान कस्बे में हमलों का निर्देश दिया था, जबकि स्थानीय पुलिस निष्क्रिय और अनुपस्थित रही। रिपोर्ट के अनुसार, वक्फ अधिनियम में किए गए संशोधनों के खिलाफ मुर्शिदाबाद के जंगीपुर पुलिस जिले में चार अप्रैल को आंदोलन शुरू हुआ, जो आठ अप्रैल से हिंसक हो गया।

रिपोर्ट में क्या-क्या कहा गया

रिपोर्ट में कहा गया है कि 12 अप्रैल को समसेरगंज थानाक्षेत्र के जाफराबाद में भीड़ ने दो लोगों - हरगोबिंद दास और उनके बेटे चंदन दास की हत्या कर दी थी। रिपोर्ट के मुख्य बिंदुओं को पढ़ते हुए त्रिवेदी ने कहा, सभी हमले 11 अप्रैल को दोपहर दो बजे के बाद स्थानीय पार्षद महबूब आलम के निर्देश पर किए गए, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने कुछ नहीं किया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हिंसा में 113 घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे लोगों को सुरक्षा के लिए अन्य स्थानों पर भागना पड़ा।

मुर्शिदाबाद में भी हिंदुओं को चुन-चुन कर मारने की कोशिश

त्रिवेदी ने आरोप लगाया, अगर पहलगाम में हिंदुओं को चुन-चुन कर मारा गया, तो मुर्शिदाबाद में भी हिंदुओं को चुन-चुन कर मारने और उनके घरों को नष्ट करने की कोशिश की गई। तृणमूल नेताओं के इशारे पर सुनियोजित तरीके से हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की गई। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि मैं ममता बनर्जी से पूछना चाहता हूं कि वह इन नेताओं के खिलाफ कब कार्रवाई करेंगी? मारे गए लोगों के बारे में अपनी पार्टी के नेताओं के अपमानजनक और उपहासपूर्ण बयानों के लिए वह कब माफी मांगेंगी? अदालत द्वारा नियुक्त एसआईटी की रिपोर्ट में अब सारे तथ्य सामने आ रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें