देश

बिहार में TRE-4 भर्ती में देरी पर फिर सड़क पर उतरेंगे अभ्यर्थी; पटना प्रशासन अलर्ट, कोचिंग संस्थानों को चेतावनी

TRE 4 Protest: TRE-4 शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थी आज फिर पटना में प्रदर्शन करेंगे। छात्र लंबे समय से रिक्तियों की घोषणा और भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे हैं।

Image

TRE-4 भर्ती को लेकर बिहार में बढ़ता विरोध

Photo : PTI

TRE 4 Protest: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। भर्ती विज्ञापन जारी करने में हो रही देरी के खिलाफ आज एक बार फिर बड़ी संख्या में छात्र पटना की सड़कों पर उतरने वाले हैं। अभ्यर्थी लंबे समय से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) से रिक्तियों की घोषणा और भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे हैं। TRE-4 के तहत राज्य में हजारों शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। छात्रों का कहना है कि सरकार ने पहले भर्ती का संकेत दिया था, लेकिन अब तक आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं किया गया।

देरी के कारण छात्रों का भविष्य अधर में लटका

इससे प्रतियोगी छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई अभ्यर्थियों (Bihar Teacher Recruitment) का कहना है कि वे महीनों से तैयारी कर रहे हैं, लेकिन लगातार देरी के कारण उनका भविष्य अधर में लटक गया है। कुछ छात्रों ने उम्र सीमा निकलने की चिंता भी जताई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा था और कुछ छात्रों पर मामला भी दर्ज किया गया था। इसके बावजूद अभ्यर्थियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।

कोचिंग संस्थानों और शिक्षकों को दी गई चेतावनी

स्थिति को देखते हुए पटना प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से कोचिंग संस्थानों और शिक्षकों को चेतावनी दी गई है कि वे छात्रों को कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों के लिए प्रेरित न करें। साथ ही सभी को शांति बनाए रखने की अपील की गई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक TRE-4 का विज्ञापन जारी नहीं होगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनका मानना है कि बेरोजगार युवाओं को लंबे समय तक इंतजार कराना ठीक नहीं है। अब सभी की नजर सरकार और BPSC पर टिकी हुई है कि इस मुद्दे पर आगे क्या फैसला लिया जाता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article