देश

SIR नहीं NRC- Times Now Summit में चुनाव आयोग पर भड़के अखिलेश यादव, राम मंदिर न जाने पर दिया ये जवाब

समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अयोध्या के राम मंदिर के उद्घाटन के दो साल बाद भी वहां न जाने को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। टाइम्स नाउ समिट 2026 में यादव ने कहा कि उन्होंने पहले भी स्पष्ट किया था कि जब भगवान शिव का मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा, तब वे राम मंदिर के दर्शन करने जाएंगे।

Image

टाइम्स नाउ समिट में सपा प्रमुख अखिलेश यादव

Times Now Summit 2026 में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने देश के ज्वलंत मुद्दों पर अपनी राय रखी। अखिलेश यादव ने टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार से बात करते हुए चुनाव आयोग पर बीजेपी के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया। इंडिया गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन काफी मजबूत है। इस दौरान अखिलेश यादव ने यह भी बताया कि वो अभी तक राम मंदिर क्यों नहीं गए हैं और कब जाएंगे।

ममता बनर्जी की अखिलेश ने जमकर की तारीफ

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को घेरते हुए ममता बनर्जी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा- "वेस्ट बंगाल में ममता बनर्जी बीजेपी का मुकाबला कर रही हैं। उन्हें जितनी तकलीफ परेशानी दे सकते थे भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने दी है। कोई कल्पना नहीं कर सकता है कि कितना ईडी, सीबीआई, इनकम, टैक्स, सेंट्रल फोर्सेस और यही नहीं चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग से मिलकर के अधिकारियों को हटा दिया। आप बताइए 2022 में यूपी में चुनाव था। कोई डीजीपी हटाया गया? कोई चीफ सेक्रेटरी हटाया गया। किसी डिस्ट्रिक्ट का डीएम हटाया गया। एसपी हटाया गया। रिश्तेदार थे पुलिस में। रिश्तेदार चुनाव लड़ रहे हैं। रिश्तेदार पुलिस के अधिकारी, आप बताइए यूपी में कहीं हटाए गए हो, किसी को? वेस्ट बंगाल में आपने कितने अधिकारी हटा दिए? इसका जवाब है क्या चुनाव आयोग के पास?

चुनाव आयोग पर बरसे अखिलेश यादव

आगे अखिलेश यादव ने इलेक्शन कमीशन को SIR पर घेरते हुए कहा- "चुनाव आयोग जो SIR करा रहा है यह SIR नहीं था, NRC था। यह मुखौटा लगा के NRC करा रहे थे। उत्तर प्रदेश में देखा हमने कि मुस्लिम भाइयों के साथ-साथ इन्होंने हिंदू भाइयों के भी कागज चेक करा दिए। बड़े पैमाने पर और मैंने तो पकड़ा है। दो लोगों को पकड़ा है। तीन हमारे पास है। डॉक्यूमेंटेड प्रूफ है। एक पे भी कारवाई नहीं हुई। अभी बताइए आप। एक नंदलाल निषाद, जिसके फर्जी दस्तखत करके बीजेपी ने वोट काट दिया, समाजवादी पार्टी का, हमने पकड़ लिया उसको, वो अंगूठा लगाता है, उससे दस्तखत करा लिया बीजेपी वालों ने, तो आप अभी भी तो अधिकारी पर कारवाई नहीं हुई, बताइए चुनाव आयोग ने क्यों नहीं कारवाई की?

कब राम मंदिर जाएंगे अखिलेश यादव?

राम मंदिर जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने पहले भी स्पष्ट किया था कि जब भगवान शिव का मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा, तब वे राम मंदिर के दर्शन करने जाएंगे। जानकारी के लिए बता दें कि यादव के पैतृक गांव सैफई में केदारेश्वर महादेव धाम नाम से भगवान शिव का एक मंदिर बनाया जा रहा है। सपा प्रमुख ने कहा, "सबने उन्हें (बीजेपी) चंदा दिया, इसलिए उनका मंदिर बन गया, लेकिन हमें कोई चंदा नहीं दे रहा है।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार ने स्थानीय पुजारियों को परेशान किया, क्योंकि वे उनके खिलाफ और शिव मंदिर के निर्माण के खिलाफ बोलने को तैयार नहीं थे। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या में बीजेपी की हार पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भगवा पार्टी ने श्रद्धालुओं के साथ धोखा किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "हम 10 साल तक सत्ता से बाहर रहे, लेकिन अयोध्या हारने के बाद बीजेपी को हमसे ज्यादा दर्द हुआ है।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article