देश

ईरान युद्ध, LPG संकट, जेवर एयरपोर्ट पर बोले अखिलेश, Times Now Summit में कहा-देश हित पर देंगे सरकार का साथ

टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ खास बताचीत में सपा अध्यक्ष ने ईरान युद्ध, एलपीजी संकट, जेवर एयरपोर्ट, बंगाल चुनाव, महिला आरक्षण, शंकराचार्य से लेकर 2027 के यूपी चुनाव पर बेबाकी से बात की। अखिलेश ने कहा कि राष्ट्र हित के मुद्दे पर सपा हमेशा सरकार के साथ है।

Image

टाइम्स नाउ समिट 2026 में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।

Times Now Summit 2026: 'देश जब समृद्ध होगा तो वह प्रगति करेगा, सरकार में सकारात्मकता होगी तो विकास होगा।' यह बात समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टाइम्स नाउ समिट-2026 में कही। टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ खास बताचीत में सपा अध्यक्ष ने ईरान युद्ध, एलपीजी संकट, जेवर एयरपोर्ट, बंगाल चुनाव, महिला आरक्षण, शंकराचार्य से लेकर 2027 के यूपी चुनाव पर बेबाकी से बात की। अखिलेश ने कहा कि राष्ट्र हित के मुद्दे पर सपा हमेशा सरकार के साथ है। ईरान युद्ध, एलपीजी संकट को लेकर उन्होंने सरकार की आलोचना भी की।

अखिलेश ने पूछा-LPG संकट नहीं तो कतारें क्यों?

एलपीजी संकट पर सरकार की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में खुद के शामिल नहीं होने पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें जरूरी काम से लखनऊ में रहना था लेकिन उन्होंने अपने एक वरिष्ठ सदस्य को भेजा। राष्ट्र हित के मुद्दे पर सपा हमेशा सरकार के साथ है। अखिलेश ने कहा कि एलपीजी संकट पर सरकार को झूठ नहीं बोलना चाहिए। सरकार कहती है कि देश में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है लेकिन लंबी-लंबी कतार क्यों लग रही है? सिलेंडर के लिए गोरखपुर, लखनऊ में लोगों की कतार लगी। भाजपा के लोग गैस सिलेंडर की कालाबाजारी भी कर रहे हैं।

'भाजपा ने विश्व गुरु बनने का मौका खो दिया'

ईरान युद्ध खत्म कराने में पाकिस्तान की बढ़ती भूमिका का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विश्व गुरु बनने का मौका खो दिया। अखिलेश ने कहा कि पीएम जब इजराइल से चले तो उन्हें ईरान में रुक जाना चाहिए था। वह ईरान गए होते तो यह युद्ध ही नहीं होता। हम किसी और को विश्व गुरु बनते नहीं देखना चाहते।

जेवर एयरपोर्ट पर क्या बोले अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट बहुत पुराना प्रोजेक्ट है। मायावती जी यहां एयरपोर्ट बनाना चाहती थीं लेकिन किसी वजह से यह प्रोजेक्ट रुक गया था। जब हमारी सरकार आई तो इस फाइल को आगे बढ़ाया गया। सपा कभी विकास के खिलाफ नहीं रही है। सरकार किसी की भी हो, बात अगर विकास एवं प्रगति की आती है तो सपा हमेशा साथ देती है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जेयर एयरपोर्ट के उद्घाटन के समय भाजपा सरकार उन किसानों को समारोह में अगली पंक्ति में बिठाएगी जिनकी जमीनें उसने ली है।

अयोध्या में प्रभु श्रीराम ने भाजपा को सजा दी-अखिलेश

अखिलेश ने कहा कि सबकी अपनी पीड़ा है। हमसे ज्यादा पीड़ा भाजपा की है। वे अयोध्या हार गए। भाजपा ने प्रभु श्रीराम की जनता अपमानित किया, उनके साथ अन्याय किया। उनकी जमीन लेकर उद्योगपतियों को दे दी। अयोध्या में लोगों के साथ भेदभाव हुआ। प्रभु श्रीराम ने अयोध्या में हराकर उन्हें सजा दी। हम पक्के सनातनी हैं। भगवान राम सबके अंदर हैं। हमारा धर्म उदार है। सैफई के पास हमारा भगवान शिव का मंदिर बन जाने के बाद अयोध्या जाऊंगा। भाजपा ने हमारे इस शिव मंदिर का भी विरोध किया। जब संतों ने इस मंदिर के खिलाफ बोलने से मना कर दिया तो भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं से इसका विरोध कराया।

'शंकराचार्य के साथ हुआ अन्याय'

लोग जब पीड़ित होंगे तो बहुजन लोग एक होंगे। जो लड़ाई बाबा साहब, लोहिया, नेता जी ने जो लड़ाई लड़ी, हम उसे आगे बढ़ा रहे हैं। शंकराचार्य जी के साथ अन्याय हो रहा था, उन्हें अपमानित किया जा रहा था। बंगाल चुनाव पर भाजपा और चुनाव आयोग पर हमला बोलेत हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने वहां अधिकारी हटा दिए गए। बंगाल में ममता सरकार को वह परेशान कर रही है और चुनाव आयोग जिम्मेदारी से काम नहीं कर रहा।

'गांजा गंज' फिल्म का निर्माण कराएंगे-अखिलेश

सपा अध्यक्ष ने कहा कि यूपी में भ्रष्टाचार काफी बढ़ गया है। पहले भ्रष्टाचार अंडरटेबल चलता था लेकिन अब सरकारों में यह 'ओवर द टेबल' (ओटीटी) चल रहा है। हम चाहते हैं कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगे। यह भी देखने में आया है कि यूपी में मादक पदार्थों की ब्रिकी काफी बढ़ गई है। बोरों एवं ट्रकों में मादक पदार्थ बेचे जा रहे हैं। 2027 में हमारी सरकार आएगी तो हम इस पर रोक लगाएंगे। हम सनातन एवं शंकराचार्य को सम्मान देकर 'नकली संत' को हटाएंगे। अखिलेश ने कहा कि अपनी सरकार में वह सब्सिडी देकर 'गांजा गंज' फिल्म का निर्माण भी कराएंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article