Times Now Summit 2022:इंडिया फर्स्ट नैरेटिव के थीम को आगे बढ़ाते हुए टाइम्स नाउ समिट 2022 का आयोजन 24-25 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। जिसमें बदलाव के एजेंट्स और लीडर्स के विजन को पेश किया जाएगा। सम्मेलन में प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी में विभिन्न पैनल नए विचारों को लेकर आगे आएंगे। जो कि टाइम्स नाउ के मोटो- Action Begins Here! को चरितार्थ करेंगे।
समिट की इस वर्ष की थीम, 'इंडिया: ए वाइब्रेंट डेमोक्रेसी, ग्लोबल ब्राइट स्पॉट' के मद्देनजर एम.के.आनंद ने उन प्रमुख सवालों को सान्याल के सामने रखा, जो भारत के उस राष्ट्रीय विजन और एक्शन प्लान के लिए बेहद अहम हैं। जिनके जरिए भारत वैश्विक स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा सकता है। बातचीत में इस बात जोर दिया गया कि आज एक वैश्विक नजरिया परिभाषित करने की जरूरत है। साथ ही इस बात पर भी खास जोर दिया गया कि कैसे सही कदमों के जरिए भारत ग्लोबल स्तर पर नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभा सकता है।
टाइम्स नाउ समिट के ताजा संस्करण में, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य (EAC-PM) और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री संजीव सान्याल के साथ एक बेहद रोचक सत्र में टाइम्स नेटवर्क के एमडी & सीईओ एम.के आनंद ने इन सभी पहलुओं पर बातचीत की ।
इस मसले पर सान्याल का कहना था कि भारत के बारे में वैश्विक स्तर पर जो राय बनाई गई हैं, उसमें अधिकांश अधूरी जानकारी पर आधारित हैं। इसके लिए बेतुके डाटा का इस्तेमाल, पक्षपातपूर्ण सोच रखने वाली ताकतों द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भारत, दुनिया को अपना आकलन करने देने के बजाय, खुद दुनिया को सर्टिफिकेट देना शुरू करे। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को अपने संस्थानों और कामों के जरिए 'धारणा-आधारित' आकलन को चुनौती देना शुरू कर देना चाहिए। सान्याल ने कहा कि भारत को शिकायत करना बंद कर देना चाहिए और नैरेटिव की कमांड खुद लेनी चाहिए।
