नीतीश सरकार में कौन-कौन मंत्री? (PTI)
Bihar Govt Formation: बिहार चुनाव में एनडीए सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार बुधवार को सीएम पद से इस्तीफा देकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसी बीच बीजेपी और जेडीयू नेताओं के बीच सरकार गठन पर चर्चा जारी है। इसके साथ ही नई सरकार में नए मंत्रियों के नामों पर भी चर्चा शुरू हो गई है। एनडीए के घटक दलों से कई संभावित मंत्रियों के नाम सामने आ रहे हैं।
BJP: सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, रामकृपाल यादव, नितिन नवीन, मंगल पांडे, हरि सहनी, नीरज बबलू, संजीव चौरसिया, जनक राम, राजू सिंह, मंत्री बन सकते हैं।. बीजेपी के वरिष्ठ नेता बिहार सरकार में मंत्री और नौवीं बार गयाजी से विधायक प्रेम कुमार बिहार विधानसभा अध्यक्ष बन सकते हैं।
JDU: विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, मंजीत सिंह, श्याम रजक मंत्री बन सकते हैं।
LJPR: राजू तिवारी, संजय पासवान और डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह का नाम चर्चा में है।
HAM: जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन फिर से बन सकते हैं मंत्री।
RLM: उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा का नाम सबसे आगे है।
वहीं, बिहार में सरकार गठन से पहले जद(यू) नेता संजय झा और ललन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा बंद कमरे में करीब तीन घंटे तक हुई बैठक में मौजूद थे। सूत्रों ने बताया कि बैठक में बिहार में सरकार गठन के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की तैयारियों पर चर्चा हुई, जिसमें नई सरकार में राजग के घटक दलों को मंत्री पद का आवंटन और विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार का नाम शामिल था। बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन की प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की और 19 नवंबर से निवर्तमान विधानसभा को भंग करने की सिफारिश की।
पीटीआई की खबर के मुताबिक ,जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार बुधवार को फिर से राज्यपाल से मिलेंगे और एनडीए के अन्य सभी घटकों के समर्थन पत्र के साथ अपना इस्तीफा सौंपेंगे।जद(यू) सूत्रों ने बताया कि नीतीश कुमार को 19 नवंबर को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इससे एक दिन बाद वह पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले एक समारोह में रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कार्यक्रम के दौरान नए मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रियों के भी शपथ लेने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।