देश

पहली बार मालगाड़ी पहुंची कश्मीर के अनंतनाग: कनेक्टिविटी और वाणिज्य की नई शुरुआत, बोले पीएम-बढ़ेगी प्रगति और समृद्धि

उत्तर रेलवे ने शनिवार को पहली बार पंजाब के रूपनगर से कश्मीर के अनंतनाग तक सीमेंट ले जाने वाली मालगाड़ी चलाई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि अनंतनाग गुड्स शेड पहुंची मालगाड़ी कश्मीर घाटी को राष्ट्रीय माल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Image

कश्मीर घाटी पहुंची पहली मालगाड़ी

भारत की रेलवे नेटवर्क से जुड़ने की दिशा में कश्मीर घाटी ने शनिवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। पहली बार पंजाब के रूपनगर से एक मालगाड़ी सफलतापूर्वक अनंतनाग के नवनिर्मित गुड्स शेड तक पहुंची, जिसने कश्मीर को राष्ट्रीय माल ढुलाई नेटवर्क से सीधे जोड़ दिया। इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे "प्रगति और समृद्धि का प्रतीक" करार देते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सोशल मीडिया पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा: “जम्मू-कश्मीर में वाणिज्य और कनेक्टिविटी के लिए यह एक बेहतरीन दिन है। इससे प्रगति और समृद्धि दोनों बढ़ेंगी।”

मालगाड़ी में क्या था

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यह रेलगाड़ी न केवल लॉजिस्टिक नेटवर्क का विस्तार है, बल्कि आर्थिक विकास के नए युग की शुरुआत भी है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन मालगाड़ी में सीमेंट के 21 बीसीएन वैगन लदे थे। लगभग 600 किलोमीटर की यह यात्रा शनिवार को 18 घंटे से भी कम समय में नवनिर्मित अनंतनाग गुड्स शेड पर पूरी हुई। यह आयोजन कश्मीर क्षेत्र में लॉजिस्टिक और आर्थिक विकास के एक नए युग का समर्थन करने के लिए इसकी तत्परता को दर्शाता है। इस ट्रेन में परिवहन किए जाने वाले सीमेंट का उपयोग कश्मीर घाटी में सड़कों, पुलों, सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और आवासीय भवनों के निर्माण सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए किया जाएगा।

लागत में कमी, विकास में तेजी

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि पंजाब से पहली मालगाड़ी कश्मीर घाटी में नवनिर्मित अनंतनाग गुड्स शेड पहुंची, जो कश्मीर क्षेत्र को राष्ट्रीय माल ढुलाई नेटवर्क से जोड़ने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। रेलवे नेटवर्क द्वारा परिवहन से कश्मीर घाटी में रहने वाले हमारे नागरिकों के लिए लागत कम होगी।

कश्मीर के लिए क्या मायने रखता है यह कनेक्शन?

इस पहली मालगाड़ी का सफल आगमन केवल एक लॉजिस्टिक उपलब्धि नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकीकरण और विकास की दिशा में एक निर्णायक कदम है। यह उस कश्मीर की कहानी को लिखने की शुरुआत है जो अब केवल पर्यटक स्थल नहीं, बल्कि औद्योगिक, बुनियादी ढांचा और व्यापारिक विकास का केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article