देश की रफ्तार और आधुनिक रेल यात्रा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 अगस्त को एक साथ तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इन ट्रेनों से कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब और जम्मू-कश्मीर को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
तीन नई ट्रेनें और उनके रूट
- केएसआर बेंगलुरु–बेलगावि वंदे भारत एक्सप्रेस – प्रमुख ठहराव: धारवाड़, हुब्बलि, हावेरी, दावणगेरे, तुमकूर और यशवंतपुर।
- नागपुर (अजनी)–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस – प्रमुख ठहराव: वर्धा, बडनेरा, शेगांव, अकोला, भुसावल, जलगांव, मनमाड़, कोपरगांव, अहिल्यानगर, दौंड कॉर्ड लाइन।
- श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा–अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस – प्रमुख ठहराव: जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर शहर और ब्यास।
राज्यों में वंदे भारत का विस्तार
इन नई सेवाओं के बाद:
- कर्नाटक में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 11 (22 सेवाएं) होगी।
- महाराष्ट्र में संख्या बढ़कर 12 (24 सेवाएं) हो जाएगी।
- पंजाब और जम्मू-कश्मीर में अब 5-5 वंदे भारत (10-10 सेवाएं) उपलब्ध होंगी।
150 वंदे भारत
देशभर में फिलहाल 144 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं चल रही हैं। इन तीन नई ट्रेनों के जुड़ने से यह संख्या बढ़कर 150 हो जाएगी। अब तक 6.3 करोड़ से अधिक यात्री वंदे भारत एक्सप्रेस का अनुभव ले चुके हैं। इन ट्रेनों के परिचालन से न सिर्फ़ यात्रियों को तेज, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा, बल्कि यह देश के चार प्रमुख राज्यों में विकास की रफ्तार को भी और तेज करेगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस
पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से बनी सेमी-हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ‘कवच’ सिस्टम से लैस है, जो यात्रा को और सुरक्षित बनाता है। इसमें फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल चार्जिंग पोर्ट, आरामदायक सीटें, आधुनिक शौचालय और इंफोटेनमेंट की सुविधा है। हर कोच में GPS आधारित रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम भी है, जिससे यात्री हर समय ट्रेन की स्पीड, लोकेशन और अगले स्टेशन की जानकारी पा सकते हैं।
