Mira-Bhayander Knife Attack: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दो सुरक्षा गार्डों पर धर्म पूछकर चाकू से हमला करने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपी के घर से जांच एजेंसियों को एक नोट मिला है,जिसमें अकेले हमला करने और इस्लामिक स्टेट (ISIS) का उल्लेख किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नहीं पढ़ पाए कलमा तो मार दिया चाकू
आरोपी की पहचान 31 वर्षीय जैब जुबैर अंसारी के रूप में हुई है। वह मीरा रोड इलाके में अकेले रह रहा था। पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के उसने एक निर्माणाधीन इमारत पर तैनात दो सुरक्षा गार्डों से पहले पास की मस्जिद का रास्ता पूछा। जब गार्डों ने जानकारी होने से इनकार किया तो उसने उनसे धर्म पूछा और कथित तौर पर 'कलमा'पढ़ने को कहा।
पीड़ितों के अनुसार, जब वे कलमा नहीं पढ़ पाए तो आरोपी ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। इस हमले में सुरक्षा गार्ड सुब्रतो सेन और उनके सुपरवाइजर राजकुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी को करीब डेढ़ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने जांच एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) को सौंप दी है।
आरोपी के घर से क्या-क्या मिला?
ATS की तलाशी में आरोपी के घर से एक लैपटॉप, कुरान की तीन प्रतियां और एक संदिग्ध नोट बरामद हुआ है, जिसमें “लोन वुल्फ अटैक” जैसी बातों का जिक्र बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किसी आतंकी संगठन से जुड़ा था या ऑनलाइन सामग्री से प्रभावित होकर कट्टरपंथी बना।
अमेरिका से लौटा था कट्टरपंथी जैब जुबैर
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आरोपी कई वर्षों तक अमेरिका में रहा था और प्रथम दृष्टया यह सेल्फ रेडिकलाइजेशन यानी स्वयं कट्टरपंथी बनने का मामला लगता है। उन्होंने कहा कि आरोपी ऑनलाइन सामग्री और किताबों से प्रभावित होकर हिंसक रास्ता अपना बैठा।
पत्नी है अफगान मूल की
पुलिस के मुताबिक, अंसारी 2000 से 2020 तक अपने माता-पिता के साथ अमेरिका में रहा। वर्क परमिट खत्म होने के बाद वह भारत लौट आया। बाद में मुंबई, नवी मुंबई में रहने के बाद 2022 से मीरा रोड में अकेले रह रहा था। बताया गया है कि उसकी पत्नी अफगान मूल की है और फिलहाल अमेरिका में रहती है।
चार मई तक एटीएस की हिरासत में रहेगा
मीरा-भयंदर, वसई-विरार (एमबीवीवी) पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद अंसारी को भयंदर की एक अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने मंगलवार को ज़ैब ज़ुबैर अंसारी को आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) की हिरासत में 4 मई तक के लिए भेज दिया। ATS और अन्य एजेंसियां अब आरोपी की डिजिटल गतिविधियों, संपर्कों और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
