देश

तेजस्वी सूर्या, अगर आपने इतिहास नहीं पढ़ा है, तो इसे पढ़ें- BJP सांसद पर बरसी सुप्रिया सुले, की पीएम मोदी की तारीफ

सुप्रिया सुले ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का बड़प्पन था कि उन्होंने विपक्षी नेताओं को विदेश गए प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने का विश्वास दिखाया। यही सशक्त लोकतंत्र है। उनके मुताबिक, पहलगाम हमले के बाद बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सबसे पहले कांग्रेस ने कहा था कि वह और सारे विपक्षी दल मोदी सरकार के साथ खड़े हैं।

Image

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले

ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में बहस में भाग लेते राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने जहां सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के लिए पीएम मोदी की तारीफ की तो वहीं बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या पर जमकर बरसीं। सुप्रिया ने ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में विशेष चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या पर उनके उस बयान को लेकर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर पूर्व की कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधा था।

तेजस्वी सूर्या पर जमकर बरसीं सुप्रिया सुले

एनसीपी एससीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा- "मैं तेजस्वी सूर्या को बताना चाहूंगी और इसे रिकॉर्ड पर रखना चाहूंगी, उन्होंने कहा कि 'भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरूजी ने कभी रक्षा बलों को प्रोत्साहित नहीं किया और हमने कभी कुछ नहीं किया, यह पहली बार है जब भारत ने अपने सशस्त्र बलों ने असाधारण प्रदर्शन किया है।' उन्होंने न केवल हजारों-लाखों भारतीय बल और सेनाओं और उनके परिवारों का अपमान किया है जो आपके और मेरे सुरक्षित रहने के लिए खड़े रहे हैं। मैं उनके द्वारा दिए गए बयान पर आपत्ति जताती हूं... तेजस्वी सूर्या, अगर आपने इतिहास नहीं पढ़ा है, तो इसे पढ़ें... जब देश की बात आती है, तो देश पहले आता है, फिर राज्य, फिर पार्टी, फिर परिवार...।"

पीएम मोदी की सुप्रिया ने की तारीफ

आगे सुप्रिया सुले ने कहा कि जब हमें किरेन रिजिजू का फोन आया, तो उन्होंने मुझे फोन पर बस इतना कहा कि सुप्रिया, आपको देश के लिए 10 दिन देने होंगे... यह प्रधानमंत्री की महानता थी कि उन्होंने प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व करने के लिए विपक्षी नेताओं पर विश्वास दिखाया... सर्वदलीय बैठक में, कांग्रेस पार्टी ने सबसे पहले कहा कि कांग्रेस पार्टी और पूरा विपक्ष पूरी ताकत के साथ नरेंद्र मोदी सरकार के साथ खड़ा रहेगा..."

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article