देश

अगर पाकिस्तान घुटने टेकने को तैयार था तो आप रुके क्यों- लोकसभा में गौरव गोगोई ने पूछे तीखे सवाल

लोकसभा में आज ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर बहस हो रही है। सरकार की ओर से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस मुद्दे बहस में हिस्सा लिया, इसके बाद कांग्रेस की ओर से सांसद गौरव गोगोई ने अपनी पार्टी की पक्ष रखा। गौरव गोगोई ने इस दौरान सरकार से कई तीखे सवाल पूछे।

Image

लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई (फोटो- संसद टीवी)

लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर बहस में भाग लेते हुए कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने सरकार ने कई तीखे सवाल पूछे। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि जब पाकिस्तान घुटने टेकने के लिए तैयार था तब सरकार क्यों रुकी, किसके सामने सरेंडर किया।

संघर्ष विराम पर गौरव गोगोई के तीखे सवाल

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा- "... पूरा देश और विपक्ष पीएम मोदी का समर्थन कर रहा था। अचानक 10 मई को हमें पता चला कि युद्धविराम हो गया है। क्यों? हम पीएम मोदी से जानना चाहते थे कि अगर पाकिस्तान घुटने टेकने को तैयार था, तो आप रुके क्यों और किसके सामने सरेंडर किया? अमेरिकी राष्ट्रपति ने 26 बार कहा है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को युद्धविराम की घोषणा करने के लिए मजबूर किया..."

पहलगाम आतंकी हमले पर सरकार को कटघरे में किया सवाल

ऑपरेशन सिंदूर पर बहस में बोलते हुए, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा- "पहलगाम हमले को 100 दिन हो गए हैं, लेकिन यह सरकार उन 5 आतंकवादियों को पकड़ नहीं पाई है... आज आपके पास ड्रोन, पेगासस, सैटेलाइट, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ हैं और रक्षा मंत्री कुछ दिन पहले वहां गए थे, लेकिन फिर भी आप उन्हें पकड़ नहीं पा रहे हैं... बैसरन, जहां हमला हुआ था, वहां एम्बुलेंस को पहुंचने में लगभग 1 घंटा लगा। सेना पैदल आई थी। मैं वो दृश्य नहीं भूल सकता जब एक मां और उसकी बेटी ने एक भारतीय सैनिक को देखा; वे रोने लगीं। उन्हें लगा कि बैसरन में लोगों को मारने वाला सैनिक की वर्दी पहने आतंकवादी उनका इंतजार कर रहा है। उस सैनिक को कहना पड़ा कि वह एक भारतीय है, और आप सुरक्षित हैं... वहां के लोगों में इस तरह का आतंक था। राजनाथ जी, आपको इस आतंक पर एक शब्द बोलना चाहिए था..."

फाइटर जेट पर भी पूछे सवाल

लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "...हम आज राजनाथ सिंह जी से जानना चाहते हैं कि हमारे कितने लड़ाकू विमान गिराए गए। हमें यह बात न केवल जनता को, बल्कि अपने जवानों को भी बतानी होगी, क्योंकि उनसे भी झूठ बोला जा रहा है..."

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article