देश

कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ठिकानों पर छापेमारी जारी, 20 करोड़ रुपये के 19 और बैग बरामद, अब तक 225 करोड़ जब्त

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Dec 9, 2023, 11:20 AM IST

Dheeraj Sahu Raids News: छापेमारी के बाद शुक्रवार दोपहर तक 25 करोड़ रुपये की गिनती की गई थी, जिससे अब तक बरामद कुल रकम 225 करोड़ रुपये हो गई है।

Image

धीरज साहू के ठिकानों पर रेड

Raids on Congress MP: ओडिशा और झारखंड में कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद धीरज साहू के परिसरों पर टैक्स छापेमारी शनिवार को भी जारी रही। छापों में अब तक 200 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी बरामद की गई है। छापेमारी बुधवार (6 दिसंबर) को शुरू हुई थी। आयकर टीमों ने रांची में धीरज साहू के परिसर से तीन और बैग जब्त किए। जबकि ओडिशा में छापेमारी के दौरान शराब कारखानों के रखरखाव के प्रभारी का काम देख रहे बंटी साहू के घर से करोड़ों रुपये के 19 बैग जब्त किए।

20 करोड़ की रकम का अनुमान

सूत्रों के मुताबिक, बंटी साहू के घर से बरामद रकम 20 करोड़ रुपये से अधिक होने की उम्मीद है। इस रकम को ओडिशा के बलांगीर के सुदपारा में बैंकों में ले जाया जा रहा था। एक वीडियो में बलांगीर में एक बैंक के अंदर पैसों से भरे बैग ले जाते हुए देखा गया है। इस बीच, समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ओडिशा स्थित बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ आयकर विभाग द्वारा की जा रही तलाशी से अब तक लगभग 225 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद की गई है।

अब तक कुल 225 करोड़ रुपये बरामद

शुक्रवार दोपहर तक 25 करोड़ रुपये की गिनती की गई थी, जिससे अब तक बरामद कुल रकम 225 करोड़ रुपये हो गई है। आयकर विभाग की ओर से तीन दर्जन काउंटिंग मशीनें लगाई गई हैं। सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि चूंकि मशीनें सीमित क्षमता की हैं, इसलिए गिनती धीमी गति से चल रही है। अधिकारियों ने कहा कि अलमारियों में छिपाई गई 200 करोड़ रुपये की नकदी ओडिशा के बोलांगीर जिले में डिस्टिलरी समूह के परिसर से बरामद की गई, जबकि बाकी राशि ओडिशा के संबलपुर और सुंदरगढ़, झारखंड के बोकारो और रांची और कोलकाता से बरामद की गई।

बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड पर छापे

आयकर टीम ने भुवनेश्वर के पलासापल्ली में बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड के कॉर्पोरेट कार्यालय, कंपनी के कुछ अधिकारियों के घरों, बौध में कंपनी की फैक्ट्री और कार्यालय और रानीसती राइस मिल की भी तलाशी ली। बौध जिले से आई एक रिपोर्ट में कहा गया है कि हरभंगा ब्लॉक के अंतर्गत टिटिरिकटा में बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड (बीडीपीएल) के पास बड़ी संख्या में 500 रुपये के फटे हुए नोट पाए गए। स्थानीय लोग उस वक्त हैरान रह गये जब उन्होंने कंपनी की चहारदीवारी के पास भारी मात्रा में फटे नोट देखे. पूर्व आईटी कमिश्नर शरत चंद्र दास ने पीटीआई को बताया कि यह ओडिशा में आयकर विभाग द्वारा अब तक की सबसे बड़ी नकदी जब्ती हो सकती है। दास ने कहा कि मैंने राज्य में इतनी बड़ी मात्रा में नकदी की बरामदगी कभी नहीं देखी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article