दिवाली (Diwali) पर हर साल कंपनियां और नियोक्ता (काम पर रखने वाले) अपने स्टाफ/कर्मचारियों को कुछ न कुछ तोहफा जरूर देती हैं। फिर चाहे वह कैश में हो, गिफ्ट के रूप में हो या फिर किसी सामान चीज के तौर पर...मगर कई बार वे ऐसे गिफ्ट्स भी दे देती हैं, जिनकी वजह से वे सुर्खियों में आ जाते हैं। ऐसा ही कुछ इस बार रोशनी के जगमग पर्व से पहले हुआ है।
दरअसल, एक नियोक्ता ने दिवाली से पहले अपने स्टाफ की चांदी कराते हुए उन्हें गिफ्ट में कार और बाइक्स देने का ऐलान कर दिया। यह मामला तमिलनाडु के चेन्नई शहर का है। वहां आभूषणों की दुकान चलाने वाले व्यक्ति ने अपने स्टाफ को दिवाली के तोहफे के रूप में कार और बाइक्स दे दीं।
जूलरी शॉप के मालिक जयंती लाल ने एएनआई को रविवार (16 अक्टूबर, 2022) को बताया, "इन कर्मचारियों ने हर घड़ी में मेरा साथ दिया। चाहे अच्छा समय हो या खराब वक्त, वे साथ डट कर खड़े रहे। ऐसे में ये (तोहफे) उनके काम को बढ़ावा देने के लिए हैं। हमने 10 लोगों को कार दी हैं और 20 कर्मचारियों को बाइक्स भेंट की हैं।"
बकौल लाल, "मेरे स्टाफ ने परिवार की तरह ही काम किया। वे सिर्फ स्टाफ नहीं बल्कि मेरी फैमिली हैं। ऐसे में मैं भी इस तरह के तोहफे देकर उनके साथ अपने परिवार के सदस्यों जैसा सलूक करना चाहता हूं। मैं ऐसा करने के बाद खासा खुश हूं। हर मालिक को अपने कर्मचारियों पर गर्व होना चाहिए।"
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, ये स्टाफ और सहयोगियों को दिए जाने वाले तोहफों की कीमत 1.2 करोड़ रुपए के आसपास है। चलानी जूलर्स (Chalani Jewellery) के मालिक ने अपने 10 गाड़ियां और 20 बाइक्स तोहफे में दीं। उन्होंने जब ये तोहफे देने का ऐलान किया, तब कुछ कर्मचारी तो हैरान रह गए थे, जबकि कुछ के चेहरे पर खुशी के मारे आंसू आ गए थे।
