Independence Day: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चेन्नई स्थित राज्य सचिवालय में तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब जाति और धार्मिक भेदभाव खत्म होंगे और लोग एकजुट होंगे, तभी देश में सच्ची आजादी का अर्थ पूरा होगा। उन्होंने तमिलनाडु को रिश्वत और भ्रष्टाचार से मुक्त करने तथा ईमानदार और पारदर्शी प्रशासन देने की अपनी सरकार की प्राथमिकता भी बताई।
‘जाति-धर्म का भेद खत्म होना जरूरी’
स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए विजय ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया और कहा कि आजादी उनके बलिदानों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब लोगों को यह एहसास होता है कि उनके साथ गुलामों जैसा व्यवहार किया जा रहा है, तो उनमें एकता की भावना पैदा होती है। सीएम विजय के मुताबिक, जाति की दीवारें टूटनी चाहिए और जब जाति-धर्म के अंतर खत्म होकर लोग एक साथ आएंगे, तभी सच्ची आजादी हासिल होगी।भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की प्राथमिकता
विजय ने कहा कि तमिलनाडु को रिश्वत और भ्रष्टाचार से बचाना सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ईमानदार और पारदर्शी प्रशासन स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है और सार्वजनिक जीवन में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार के साथ प्रशासनिक स्तर पर सहयोग की बात कही, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि वैचारिक रूप से उनकी सरकार केंद्र की नीतियों का विरोध जारी रखेगी।
तीन महीने की सरकार, किसानों को राहत और 717 TASMAC दुकानें बंद
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के तीन महीने के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों द्वारा लिए गए फसल ऋण माफ किए गए हैं। इसके अलावा 717 TASMAC शराब की दुकानों को बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की अच्छी योजनाओं को भी जारी रखा जा रहा है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता की अम्मा कैंटीन योजना और सरकारी ब्रेकफास्ट स्कीम शामिल हैं।
‘आपने अपने भाई को मुख्यमंत्री चुना है’
विजय ने जनता से अपनी सरकार को लगातार समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता ने वोट देकर उन्हें अपना ‘भाई’ और मुख्यमंत्री चुना है, इसलिए सरकार की योजनाओं और पहलों को लोगों तक पहुंचाने के लिए जनता का साथ जरूरी है। उन्होंने कहा, “मैं और यहां मौजूद सभी लोग जनता के सेवक हैं।” विजय ने यह भी कहा कि उनकी सरकार के खिलाफ काम करने वाली ताकतों और साजिशों को हराया जाएगा।
दिव्यांग पूर्व सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए सहायता बढ़ी
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विजय ने सहायता राशि बढ़ाने का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि दिव्यांग पूर्व सैनिकों की सहायता राशि 5,000 रुपये से बढ़ाकर 7,000 रुपये कर दी गई है। वहीं, स्वतंत्रता सेनानियों की मासिक सहायता राशि बढ़ाकर 23,000 रुपये कर दी गई है।
समारोह में कौन-कौन रहा मौजूद?
चेन्नई में हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक्ट्रेस त्रिशा, विजय के पिता चंद्रशेखर और तमिलनाडु सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे। विजय ने 376 साल पुराने किले में राज्य की ओर से तिरंगा फहराया और स्वतंत्रता दिवस का संदेश दिया।
