देश

एच-1बी वीजा शुल्क में भारी बढ़ोतरी पर भारत सरकार सक्रिय, आईटी उद्योग और अमेरिकी प्रशासन से बातचीत जारी

भारत सरकार एच1बी मुद्दे पर आगे का रास्ता खोजने के लिए आईटी उद्योग और अमेरिकी प्रशासन के साथ बातचीत कर रही है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आवेदन शुल्क में वृद्धि अमेरिकी कंपनियों पर और भी ज्यादा असर डालेगी, क्योंकि ये कंपनियां उच्च कुशल पेशेवरों के लिए खासतौर से इस वीजा कार्यक्रम का इस्तेमाल करती हैं।

Image

एच1बी मुद्दे पर अमेरिकी प्रशासन से बातचीत जारी (फोटो- Canva)

भारत सरकार ने अमेरिका में एच-1बी वीजा शुल्क में भारी बढ़ोतरी को लेकर आईटी उद्योग और अमेरिकी प्रशासन के साथ बातचीत शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, सरकार इस मुद्दे पर आगे का रास्ता खोजने और भारतीय आईटी कंपनियों तथा पेशेवरों पर इसके असर को कम करने की रणनीति बना रही है।

ट्रंप प्रशासन का नया कदम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत एच-1बी वीजा आवेदनों का शुल्क सालाना एक लाख अमेरिकी डॉलर तक बढ़ सकता है। अभी तक यह शुल्क नियोक्ता के आकार और अन्य लागतों के आधार पर 2,000 से 5,000 अमेरिकी डॉलर के बीच था।

असर अमेरिकी कंपनियों पर भी

सूत्रों ने बताया कि इस बढ़ोतरी का असर न केवल भारतीय आईटी कंपनियों पर बल्कि अमेरिकी दिग्गज कंपनियों पर भी पड़ेगा। चूंकि उच्च कुशल पेशेवरों के लिए यह वीजा कार्यक्रम सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है, इसलिए अमेज़न, माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, मेटा, एप्पल जैसी अमेरिकी कंपनियां भी इस फैसले से प्रभावित होंगी। यही कारण है कि वे भी अमेरिकी सरकार के साथ बातचीत कर रही हैं।

शीर्ष एच-1बी वीजा लाभार्थी कंपनियां

यूएससीआईएस (USCIS) वेबसाइट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 (30 जून तक) के लिए एच-1बी वीजा स्वीकृतियों में अमेजन 10,044 वीजा के साथ शीर्ष पर है। इसके बाद टीसीएस (5,505), माइक्रोसॉफ्ट (5,189), मेटा (5,123), एप्पल (4,202), गूगल (4,181), कॉग्निजेंट (2,493), जेपी मॉर्गन चेज़ (2,440), वॉलमार्ट (2,390) और डेलॉयट कंसल्टिंग (2,353) का स्थान है। शीर्ष 20 की सूची में इंफोसिस (2,004), एलटीआईमाइंडट्री (1,807) और एचसीएल अमेरिका (1,728) भी शामिल हैं।

भारत की रणनीति

सूत्रों के मुताबिक, भारत सरकार न केवल अमेरिकी प्रशासन बल्कि आईटी इंडस्ट्री के शीर्ष संगठन नैस्कॉम और प्रभावित कंपनियों से भी संवाद कर रही है। उद्देश्य यह है कि भारतीय आईटी पेशेवरों के अवसरों पर नकारात्मक असर न पड़े और दोनों देशों के कारोबारी हित सुरक्षित रहें।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article