देश

‘न पहले डरा, न अब डरूंगा’ नांदेड़ हमले के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सुखबीर बादल, बोले- पंजाब की शांति से नहीं होने देंगे खिलवाड़

महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारे के अंदर हमले के बाद सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। हमले में उनके दाहिने हाथ पर चोट आई थी। डिस्चार्ज होने के बाद सुखबीर बादल ने कहा कि वह न पहले कभी डरे हैं और न अब डरेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले का मकसद पंजाब में हालात बिगाड़ना और शांति भंग करना हो सकता है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब के भाईचारे, प्रगति और धार्मिक सद्भाव के लिए प्रतिबद्ध है।

Image

अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सुखबीर बादल। PTI

Photo : PTI

Sukhbir Badal Attacked: महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारे के अंदर हमले का शिकार हुए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। बता दें कि उन पर गुरुद्वारे में 62 वर्षीय जसपाल सिंह ने हमला किया था। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुखबीर सिंह बादल के दाहिने हाथ पर चोट आई थी। नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके के एक गुरुद्वारे में एक निहंग ने धारदार हथियार (जिसे कृपाण बताया जा रहा है) से हमला किया।

‘पंजाब की शांति भंग करना है मकसद’

अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सुखबीर बादल ने हमले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि वह न तो पहले कभी डरे हैं और न ही अब डरेंगे। सुखबीर सिंह बादल ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे पंजाब में हालात को अपने नियंत्रण में लेने और राज्य की शांति भंग करने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि अकाली दल के अध्यक्ष के तौर पर वह पंजाब की शांति को किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने देंगे।

उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब के भाईचारे और गौरव के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी कोई भी बलिदान देने को तैयार है, लेकिन पंजाब की प्रगति के साथ-साथ सामुदायिक और धार्मिक सद्भाव उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

‘दोनों बार पवित्र स्थान पर हमला हुआ’

सुखबीर बादल ने अपने बयान में इस बात पर भी जोर दिया कि उन पर दोनों बार हमले पवित्र धार्मिक स्थलों पर हुए। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद वह भयभीत नहीं हैं। उनका कहना है कि पंजाब की शांति और धार्मिक सौहार्द को बनाए रखना जरूरी है और अकाली दल इसके लिए अपनी भूमिका निभाता रहेगा। बता दें कि इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर भी एक जानलेवा हमला (गोली चलाने का प्रयास) हुआ था। इस दौरान भी वह बाल-बाल बचे थे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article