Sonia Gandhi : कथित वोट चोरी के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सांसद पर सोनिया गांधी पर आरोप लगाया कि भारतीय नागरिक बनने से तीन साल पहले उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो गया था। ठाकुर ने कहा कि सोनिया गांधी जिनका जन्म इटली में हुआ, उनका नाम भारतीय नागरिकता मिलने से तीन साल पहले 1980 में वोटर लिस्ट में शामिल किया गया।
ठाकुर ने भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के दावे का हवाला दिया। मालवीय ने अपने X पोस्ट में 1980 के नई दिल्ली विधानसभा के एक मतदान केंद्र की मतदाता सूची की प्रति साझा की। इसमें इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, संजय गांधी, सोनिया गांधी और मेनका गांधी के नाम हैं।
ठाकुर ने विपक्ष के सांसदों से इस्तीफा मांगा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रायबरेली, वायनाड, डायमंड हार्बर और कन्नौज संसदीय सीटों पर मतदाता पंजीकरण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, अभिषेक बनर्जी और अखिलेश यादव से लोकसभा सदस्य के पद से इस्तीफा देने की मांग की है। भाजपा का आरोप है कि विपक्ष के इन नेताओं ने 'वोट चोरी' के जरिये लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की है।
भाजपा सांसद ने अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया
भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को भाजपा मुख्यालय में इस मुद्दे पर एक स्लाइड-शो प्रस्तुति के जरिये विपक्षी नेताओं द्वारा प्रतिनिधित्व किए जाने वाले इन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूचियों का 'विश्लेषण' कर यह आरोप लगाए। ठाकुर ने तमिलनाडु की कोलाथुर विधानसभा सीट और उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर मतदाता पंजीकरण में कथित अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया और चुनाव में 'धांधली' के लिए मुख्यमंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सुप्रीमो एम के स्टालिन और समाजवादी पार्टी (सपा) की नेता डिंपल यादव से इस्तीफा देने की मांग की।
यही लग रहा है 'चोर मचाए शोर'-अनुराग
उन्होंने निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और द्रमुक नेताओं की आलोचना की तथा उन पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष के नेता अपने 'अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ के वोट बैंक' और अन्य 'घुसपैठियों' की रक्षा के लिए निर्वाचन आयोग पर यह आरोप लगा रहे हैं। ठाकुर ने कहा, ‘विपक्ष द्वारा मचाए जा रहे इस शोर को देखकर अब तो यही लग रहा है कि 'चोर मचाए शोर'।’उन्होंने कहा कि जो लोग गलत थे, वे अब गलत काम करने के लिए चिल्ला रहे हैं।
पूछा-हर जगह फर्जी वोटर क्यों बनवाए?
भाजपा नेता ने कहा, ‘रायबरेली, वायनाड, कन्नौज से लेकर डायमंड हार्बर तक - हर जगह एक ही सवाल उठ रहा है - उन्होंने फर्जी वोटर क्यों बनाए? क्या वे 'वोट चोरी' और घुसपैठियों को बचाने के लिए इस्तीफा देंगे? ’कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग पर ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत को लागू करने का अपना कर्तव्य नहीं निभाने का आरोप लगाया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के दावों की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘अभी पिक्चर बाकी है।’
