देश

राजा रघुवंशी हत्याकांड: 11 माह बाद जेल से बाहर आएगी पति की 'हत्यारन' सोनम; हनीमून पर प्रेमी संग रची थी साजिश

Honeymoon Murder Case : हनीमून के दौरान पति की हत्या करवाने वाली सोनम रघुवंशी को 11 महीने बाद जमानत मिल गई है। सोनम के पति राजा रघुवंशी 23 मई को हनीमून के दौरान लापता हो गए थे और उनका क्षत-विक्षत शव 2 जून को मिला था।

Image

राजा रघुवंशी हत्याकांड (फाइल फोटो)

Honeymoon Murder Case : बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में शिलांग की एक अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। इस मामले में मुख्य आरोपी और राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी की जमानत याचिका को अदालत मे स्वीकार करते हुए उसे जमानत दे दी है। सोनम रघुवंशी बीते कई महीनों से जेल में बंद थी, उसने तीन बार पहले भी तीन बार अदालत के सामने जमानत की गुहार लगाई थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। अब चौथी बार अदालत ने सोनम की याचिका स्वीकार की। इससे राजा रघुवंशी के परिवार को बड़ा झटका लगा है।

अदालत ने रखी ये शर्तें

अदालत ने आरोपी सोनम रघुवंशी को सशर्त जमानत दी है। अदालत ने कहा है कि वह फरार नहीं होगी और न ही सबूतों या गवाहों के साथ छेड़छाड़ करेगी। इसके साथ ही वह हर निर्धारित तारीख पर अदालत में उपस्थित होगी। वह उचित अनुमति के बिना इस अदालत के अधिकार क्षेत्र से बाहर नहीं जाएगी। इसके साथ ही अदालत ने सोनम रघुवंशी को 50,000 रुपये का निजी मुचलका और इतनी ही राशि के दो जमानती पेश करने को कहा है।

मेघालय में हनीमून के दौरान करवा दी गई थी हत्या

गौरतलब है कि इंदौर के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी राजा रघुवंशी ने 11 मई 2025 को इंदौर में सोनम से विवाह किया था और दंपती 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय गए थे। सोनम का पति राजा रघुवंशी पिछले वर्ष 23 मई को हनीमून के दौरान पूर्वोत्तर राज्य में लापता हो गए थे। बाद में दो जून को प्रदेश के पूर्व खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र में एक जलप्रपात के पास गहरी खाई से राजा का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया था।इस मामले में सोनम समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उसका कथित प्रेमी भी शामिल है।

राजा रघुवंशी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि उनके सिर पर किसी तेज धारदार हथियार से दो बार वार किया गया था। इसके बाद सोनम ने आठ जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था ।

इस मामले में पिछले वर्ष सितंबर में मेघालय पुलिस ने 790 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें सोनम और उनके कथित प्रेमी सहित कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया गया था।

जारी रहेगी जांच

एसपी विवेक सिएम ने सोनम की बेल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अदालत ने आरोपी को जमानत दे दी है। हालांकि,आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और पुलिस कानून के अनुसार मामले की जांच जारी रखेगी।

अन्य आरोपियों को पहले ही मिल चुकी है जमानत

राजा रघुवंशी हत्याकांड में अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है। जिनमें लोकेंद्र सिंह तोमर, बलबीर अहिरवार, शिलॉग जेम्स शामिल हैं। हालांकि हत्याकांड में सोनम का मुख्य सहयोगी राज रघुवंशी अभी भी जेल में ही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article