देश

Snowfall: बद्रीनाथ-केदारनाथ में जबरदस्त बर्फबारी, चारधाम यात्रा में पड़ सकती है खलल

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Apr 20, 2023, 11:05 PM IST

Snowfall in Kedarnath, Badrinath: उत्तराखंड में बद्रीनाथ और केदारनाथ में जमकर बर्फबारी हुई। बद्रीनाथ 27 अप्रैल को जबकि रूद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खुल रहे हैं। अगर ये हाल रहा तो चारधाम यात्रा में खलल पड़ने वाली है।

Image

बदरीनाथ-केदारनाथ में बर्फबारी

Photo : ANI

Snowfall in Kedarnath, Badrinath: उत्तराखंड में गढ़वाल हिमालय में बद्रीनाथ और केदारनाथ की उंची पहाड़ियों पर गुरुवार को बर्फवारी हुई। केदारनाथ के कपाट 25 अप्रैल से खुल रहे हैं। लेकिन लगता है उससे पहले निचले इलाकों में रूक-रूक कर बारिश होने से 5 दिन बाद होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियों में खलल पड़ने वाली है।

चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ 27 अप्रैल को जबकि रूद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खुल रहे हैं। गढ़वाल हिमालय के चारधामों के नाम से विख्यात अन्य दो धाम, गंगोत्री और यमुनोत्री श्रद्धालुओं के लिए अक्षय तृतीया के पर्व पर 22 अप्रैल को खुल रहे हैं।

केदारनाथ और उसके आसपास के इलाकों में ताजा हिमपात होने से धाम को जाने वाला पैदल रास्ता फिर बर्फ की चादर से ढ़क गया है। यात्रा व्यवस्थाओं के लिए तैयारियां में जुटे कार्मिक खराब मौसम के कारण सही ढंग से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। चारधाम यात्रा शुरू होने से ठीक पहले रास्तों पर बर्फ जमाव ने अधिकारियों को चिंता में डाल दिया है। अधिकारियों ने बताया कि हिमपात, बारिश और सर्द हवाओं के चलते चमोली और रूद्रप्रयाग जिलों में तापमान काफी नीचे आ गया है।

रूद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि केदारनाथ धाम में बारिश एवं भारी बर्फबारी के कारण भैरव हिमनद के समीप रास्ता आवागमन के लिए अवरूद्ध हो गया है। उन्होंने बताया कि बर्फबारी रूकने पर श्रमिकों द्बारा अवरूद्ध मार्ग से पुनः बर्फ हटाने की कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

इस बीच, मौसम खराब होने के कारण उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रिटायर) का चमोली जिले का प्रस्तावित दौरा रद्द हो गया। जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल नैनीसैंण में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लेने आने वाले थे लेकिन दौरा रद्द होने के बाद उन्होंने कार्यक्रम को वर्चुअल तरीके से संबोधित किया। (एजेंसी इनपुट के साथ)

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article