पंजाबी

Ammy Virk Firing News: पिता कुलजीत सिंह ने किया दावा- ‘न एमी विर्क पर गोली चली, न गाड़ी पर’

  • Authored by: अभय
  • Updated Sep 9, 2026, 01:33 PM IST

Ammy Virk Firing Case: एमी विर्क को लेकर कनाडा से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कॉन्सर्ट के बाद उनकी गाड़ी को निशाना बनाए जाने से हड़कंप मच गया। तो चलिए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।

Image

एमी विर्क की कार पर चली गोली (Image Source: Ammy Virk Instagram)

Ammy Virk Firing Case: पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क (Ammy Virk) इन दिनों अपने कॉन्सर्ट टूर को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन कनाडा से उनके फैंस को परेशान करने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड में उनके कॉन्सर्ट के बाद एक गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात ये है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। तो चलिए जानते हैं कि फिल्म बैड न्यूज (Bad Newz) के एक्टर जुड़ा ये पूरा मामला क्या है, जिसने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है।

एमी विर्क की कार पर चली गोली

एक्टर एमी विर्क एक बार फिर से खबरों में आ गए हैं। इसकी वजह एमी विर्क से जुड़ी एक ऐसी खबर है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। Voice Online की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि मैक्कलम रोड के 2500-ब्लॉक में जा रही एक गाड़ी पर गहरे रंग की एसयूवी में सवार लोगों ने फायरिंग की। निशाना बनाई गई गाड़ी पर कई गोलियां चलाई गईं। कई रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया है कि जिस गाड़ी में एमी विर्क सफर कर रहे थे, उस पर करीब सात गोलियां चलाई गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये गाड़ी रोल्स-रॉयस कलिनन थी, जो बुलेटप्रूफ थी।

पिता ने खबर को बताया फर्जी

एमी विर्क के शो के दौरान गोलियां चलने और उन्हें निशाना बनाए जाने की खबरों का उनके पिता कुलजीत सिंह ने खंडन किया है। नाभा के गांव लाहौर माजरा के सरपंच और एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने बातचीत के दौरान साफ किया कि एमी विर्क पर गोलियां चलने को लेकर सामने आ रही खबर पूरी तरह झूठी है। उन्होंने बताया कि एमी विर्क और उनका पूरा परिवार सुरक्षित है। उन्होंने यह भी साफ किया कि एमी विर्क की गाड़ी पर भी कोई गोली नहीं चलाई गई है। कनाडा में गोली चलने की घटना को लेकर पूछे गए सवाल पर कुलजीत सिंह ने कहा कि कनाडा में गोलियां चलती रहती हैं। उन्हें नहीं पता कि गोली किस पर चली है, लेकिन इतना जरूर है कि एमी विर्क और उनकी गाड़ी पर कोई गोली नहीं चली।

अमी विर्क के कॉन्सर्ट में पहले भी हुआ था विवाद

ये घटना एमी विर्क के 2026 यूनिटी टूर के दौरान हुई है। इससे कुछ दिन पहले टोरंटो में उनके कॉन्सर्ट के दौरान भी दर्शकों के बीच एक अलग तरह की परेशानी सामने आई थी। अब कनाडा में उनकी गाड़ी को निशाना बनाए जाने की खबर ने उनके फैंस की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, मौजूदा मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है और फायरिंग के पीछे की वजह भी साफ नहीं हुई है। एमी विर्क पंजाबी म्यूजिक और फिल्मों के जाने-माने नाम हैं और बॉलीवुड में भी काम कर चुके हैं। वह ‘भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया’ (Bhuj: The Pride of India), ‘83’ और ‘खेल खेल में’ (Khel Khel Mein) जैसी फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article