देश

SIR: मतदाता सूची में चुनाव आयोग ने कर दी बडी छंटनी; एक करोड़ से अधिक नाम मसौदे से गायब

तीन राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों की मसौदा मकदाता सूची में कुल 12.32 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। इससे पहले 27 अक्टूबर तक की मतदाता सूची में 13.36 करोड़ मतदाता दर्ज थे।

Image

सांकेतिक तस्वीर | PTI

Photo : PTI

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत तीन राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों की मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इन राज्यों में पश्चिम बंगाल, राजस्थान और गोवा और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी और लक्षद्वीप शामिल हैं। इन राज्यों की मसौदा मकदाता सूची में कुल 12.32 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। इससे पहले 27 अक्टूबर तक की मतदाता सूची में 13.36 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इस तरह एक करोड़ से अधिक नाम मसौदा सूची में शामिल नहीं पाए गए हैं।

नए मतदाताओं के नाम भी मसौदा सूची में

साथ ही निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यह भी बताया कि मसौदा मतदाता सूची में उन नए मतदाताओं के नाम भी जोड़े गए हैं, जिन्होंने मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरा था।

पश्चिम बंगाल में 58 लाख मतदाता एएसडी श्रेणी में

पश्चिम बंगाल में 27 अक्टूबर तक 7.66 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जिनमें से 7.08 करोड़ के नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। करीब 58 लाख मतदाताओं को एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दो स्थानों पर मतदाता) श्रेणी में रखा गया है।

राजस्थान और गोवा का आंकड़ा

राजस्थान में कुल 5.48 करोड़ मतदाताओं में से 5.04 करोड़ के नाम मसौदा सूची में दर्ज हुए हैं, जबकि 44 लाख मतदाता एएसडी श्रेणी में शामिल हैं। गोवा में 11.85 लाख मतदाताओं में से 10.84 लाख को मसौदा मतदाता सूची में जगह मिली है और 1.01 लाख एएसडी श्रेणी में हैं।

पुडुचेरी और लक्षद्वीप की स्थिति

केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में 10.21 लाख मतदाताओं में से 9.18 लाख के नाम मसौदा सूची में दर्ज किए गए हैं, जिससे करीब 1.03 लाख का अंतर सामने आया है। इसी तरह लक्षद्वीप में 27 अक्टूबर तक 58,000 मतदाता थे, जिनमें से 56,384 मतदाताओं के नाम मसौदा सूची में शामिल किए गए हैं।

अंतिम सूची से पहले होगा निर्णय

चुनाव आयोग ने साफ किया है कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर फॉर्म वापस नहीं किए, उन्हें एएसडी श्रेणी में रखा गया है। उनके नाम अभी हटाए नहीं गए हैं और फरवरी में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी इन मामलों पर निर्णय लेंगे।

12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर की घोषणा

निर्वाचन आयोग ने 27 अक्टूबर को 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर की घोषणा की थी, हालांकि बाद में विभिन्न राज्यों के लिए इसकी समयसीमा में संशोधन किया गया।

छह राज्यों में समयसीमा बढ़ी

पिछले सप्ताह मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के अनुरोध पर पांच राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में एसआईआर की समयसीमा बढ़ा दी गई। इनमें तमिलनाडु, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं।

राज्यों के अनुसार नई तारीखें

  • तमिलनाडु और गुजरात में गणना की अवधि 14 दिसंबर तक बढ़ाई गई है और मसौदा मतदाता सूची 19 दिसंबर को प्रकाशित होगी।
  • मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार में गणना 18 दिसंबर तक चलेगी और मसौदा सूची 23 दिसंबर को आएगी।
  • उत्तर प्रदेश में गणना की अवधि 26 दिसंबर तक बढ़ाई गई है और मसौदा मतदाता सूची 31 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।
  • केरल में गणना की अवधि 18 दिसंबर को समाप्त होगी और मसौदा मतदाता सूची 23 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article