देश

Karnataka: क्या शिवकुमार के लिए टेंशन की बात? तीन और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग; CM ने कही यह बात

Karnataka: कर्नाटक में तीन और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग ने जोर पकड़ा है। इसको लेकर कांग्रेस के एक तबके का मानना है कि यह सिद्धारमैया खेमे की एक खास योजना है। हालांकि, सिद्धारमैया ने इससे जुड़े एक सवाल पर आज स्पष्ट जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान का फैसला अंतिम है।

Image

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (दाएं) और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (बाएं)

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं उपमुख्यमंत्री शिवकुमार।
  • उपमुख्यमंत्री के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान संभाल रहे हैं शिवकुमार।
  • उपमुख्यमंत्रियों की मांग संबंधी मामले में शिवकुमार ने जताई नाराजगी।

Karnataka: कर्नाटक में दूध के दाम में बढ़ोतरी को लेकर खींचतान जारी है। इस बीच, राज्य में तीन और उपमुख्यमंत्रियों बनाए जाने की मांग ने जोर पकड़ा है। इस पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का बयान भी सामने आया है। जिसको लेकर उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की टेंशन बढ़ सकती है।

CM सिद्धारमैया ने क्या कुछ कहा?

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, तीन और उपमुख्यमंत्रियों की मांग पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा कि इस पर कांग्रेस आलाकमान का फैसला अंतिम है। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, 'आलाकमान जो भी फैसला लेता है, वह अंतिम है।'

दरअसल, कर्नाटक के कुछ मंत्री वीरशैव-लिंगायत, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदायों के नेताओं को उपमुख्यमंत्री पद दिए जाने की वकालत कर रहे हैं, जबकि वर्तमान में शिवकुमार उपमुख्यमंत्री हैं, जो वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं।

क्या शिवकुमार को काबू करने की हो रही कोशिश?

कांग्रेस के एक तबके का मानना है कि तीन और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग संबंधी मंत्रियों का बयान सिद्धारमैया खेमे की एक खास योजना का हिस्सा है। जिसका मकसद शिवकुमार को काबू में रखना है, क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि शिवकुमार ढाई साल के सिद्धारमैया के कार्यकाल के बाद मुख्यमंत्री पद की मांग कर सकते हैं।

सिद्धारमैया के करीबी लोगों में शामिल सहकारिता मंत्री के एन राजन्ना, आवास मंत्री बी जेड जमीर अहमद खान, लोक निर्माण मंत्री सतीश जरकीहोली और कुछ अन्य नेताओं ने हाल ही में एक बार फिर तीन और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग की थी।

क्या कुछ बोले शिवकुमार?

तीन और उपमुख्यमंत्रियों की मांग संबंधी मामले में शिवकुमार ने मंगलवार को नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पार्टी इसका उचित जवाब देगी। उन्होंने कहा, 'अगर कोई कुछ कहता है तो आपलोग (मीडिया) उसे खबर बना देते हैं। कोई कुछ भी मांग करे, पार्टी उसका उचित जवाब देगी...।' बता दें कि शिवकुमार कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी हैं।

सनद रहे कि पिछले साल मई में सामने आए विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर कांटे की टक्कर बताई जा रही थी। हालांकि, कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री बनाया और शिवकुमार को राज्य का एकमात्र उपमुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article