Shubhanshu Shukla returns to India: अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की अपनी ऐतिहासिक यात्रा के बाद रविवार तड़के भारत लौट आए। पिछले एक साल से आईएसएस के लिए एक्सिओम-4 मिशन के लिए अमेरिका में प्रशिक्षण ले रहे शुभांशु का हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन ने स्वागत किया। शुभांशु शुक्ला के बैकअप अंतरिक्ष यात्री प्रशांत बालकृष्णन नायर भी स्वदेश लौट आए।
पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात
शुभांशु शुक्ला के जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और अपने गृहनगर लखनऊ जाने की उम्मीद है। उनके 22-23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भाग लेने के लिए राजधानी लौटने की भी उम्मीद है। जितेंद्र सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज सुबह तड़के दिल्ली पहुंचे। उनके साथ ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी थे, जो भारत के पहले मानव मिशन गगनयान के लिए चुने गए अंतरिक्ष यात्रियों में से एक थे। वह अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन #ISS के मिशन के लिए भारत के नामित बैकअप थे।
भारत में अपने अनुभव सभी के साथ साझा करने को उत्सुक
इससे पहले शनिवार को शुक्ला ने इंस्टाग्राम पर एक हवाई जहाज में बैठे हुए अपनी एक मुस्कुराती हुई तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने लिखा था कि अमेरिका से लौटते हुए उनके मन में मिश्रित भावनाएं हैं और वे भारत लौटकर अपने अनुभव सभी के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हैं। शुक्ला ने पोस्ट में कहा- भारत वापस आने के लिए विमान में बैठते ही मेरे मन में मिश्रित भावनाएं उमड़ रही थीं। मुझे उन शानदार लोगों को पीछे छोड़कर जाने का दुख हो रहा है जो इस मिशन के दौरान पिछले एक साल से मेरे दोस्त और परिवार थे। मैं मिशन के बाद पहली बार अपने सभी दोस्तों, परिवार और देश के सभी लोगों से मिलने के लिए भी उत्साहित हूं। मुझे लगता है कि जिंदगी यही है - सब कुछ एक साथ।
मिशन के दौरान और बाद में सभी से अविश्वसनीय प्यार और समर्थन मिलने के बाद, मैं आप सभी के साथ अपने अनुभव साझा करने के लिए भारत वापस आने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं। अलविदा कहना मुश्किल होता है, लेकिन हमें जिंदगी में आगे बढ़ते रहना चाहिए। जैसा कि मेरी कमांडर पैगी व्हिटसन प्यार से कहती हैं, 'अंतरिक्ष उड़ान में एकमात्र स्थिर चीज परिवर्तन है।' मेरा मानना है कि यह बात जिंदगी पर भी लागू होती है।
एक्सिओम-4 निजी अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा थे शुभांशु
शुभांशु शुक्ला और उनके बैकअप अंतरिक्ष यात्री प्रशांत नायर ने शुक्रवार को ह्यूस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया। लाल किले पर 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत अपना अंतरिक्ष स्टेशन विकसित कर रहा है और उन्होंने बताया कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला एक अंतरिक्ष मिशन से लौट आए हैं। पीएम मोदी ने कहा था, हमारे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष स्टेशन से लौट आए हैं। आने वाले दिनों में, वह भारत लौट रहे हैं। शुक्ला एक्सिओम-4 निजी अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा थे, जो 25 जून को फ्लोरिडा से रवाना हुआ और 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचा। वह 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे।
