जेल से निकलने के बाद संजय राउत (Sanjay Raut) के सुर बदले हुए दिख रहे हैं। जो संजय राउत जेल जाने से पहले आक्रमक रुख अपनाए हुए थे वो अब गंभीर और शांत दिख रहे हैं। जिस देवेंद्र फडणवीस समेत पूरी बीजेपी (BJP) पर वो हमलावर रहते थे, अब उसके प्रति प्यार दिखा रहे हैं, उनकी प्रशंसा कर रहे हैं।
बुधवार को जमानत मिलने के बाद जब वो जेल से निकले तो शिवसेना के समर्थक खासे उत्साहित नजर आए। जेल से बाहर निकलने के बाद वो केंद्र को तो शुरू में निशाने पर लिए, लेकिन गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए संजय राउत एकदम से बदले-बदले दिखे। उन्होंने कहा- "मैं आज उद्धव ठाकरे और शरद पवार से मिलूंगा। लोगों के काम को लेकर मैं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से 2-4 दिनों में मुलाकात करूंगा। मैं दिल्ली भी जाऊंगा और पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलूंगा।"
सबसे आश्चर्य की बात यह थी कि उन्होंने महाराष्ट्र सरकार और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नई महाराष्ट्र सरकार ने कुछ अच्छे फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा- "महाराष्ट्र में नई सरकार बनी, मैं उनके कुछ अच्छे फैसलों का स्वागत करता हूं। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कुछ अच्छे फैसले लिए। हमें लगता है कि राज्य को उप मुख्यमंत्री फडणवीस चला रहे हैं और वह राज्य का नेतृत्व कर रहे हैं।"
वहीं ईडी और अपनी गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने कहा- "मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं है। हमने ऐसा राजनीतिक प्रतिशोध नहीं देखा। मैं किसी केंद्रीय एजेंसी को दोष नहीं दूंगा।"
बता दें कि पात्रा चॉल भूमि घोटाले में संजय राउत को आरोपी बनाया गया है। इसी मामले में ईडी ने उन्हें अगस्त में गिरफ्तार किया था। जिसके बाद वो जेल में थे और जमानत का इंतजार कर रहे थे। जहां बुधवार को कोर्ट से उन्हें जमानत मिली है।
