शिरोमणि अकाली दल में सबकुछ ठीक नहीं दिख रहा है। पहले से ही खटपट की बातें हो रही थीं, अब पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। सुखबीर सिंह बादल को लेकर पार्टी में एकजुटता नहीं दिख रही थी, विरोध के स्वर उठ रहे थे, जिसके बाद उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया है। अब शिरोमणि अकाली दल के नए प्रमुख की तलाश शुरू हो गई है।
दलजीत सिंह चीमा ने की घोषणा
सुखबीर सिंह बादल के इस्तीफे के फैसले की घोषणा शिरोमणि अकाली दल के नेता दलजीत सिंह चीमा ने एक्स पर की। उन्होंने लिखा- "शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आज पार्टी की कार्यसमिति को अपना इस्तीफा सौंप दिया, ताकि नए अध्यक्ष के चुनाव का रास्ता साफ हो सके। उन्होंने अपने नेतृत्व में विश्वास जताने और पूरे कार्यकाल के दौरान पूरे दिल से समर्थन और सहयोग देने के लिए सभी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।"
पार्टी में चल रही थी इस्तीफे की मांग
शिअद के पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने बादल के नेतृत्व पर संतोष व्यक्त किया और फैसले का स्वागत किया। पटियाला में चंदूमाजरा ने कहा, "हम उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे क्योंकि उनके नेतृत्व में अकाली दल कमजोर हो गया है... हमारे युवा जेल में हैं, खेती अच्छी नहीं चल रही है और चंडीगढ़ का हमारा हिस्सा हरियाणा को दिया जा रहा है। पंजाब अब बुरी स्थिति में है और यहां के लोग चाहते हैं कि अकाली दल जैसी कोई क्षेत्रीय पार्टी मजबूत हो। आज उनके इस्तीफे के बाद अकाली दल की शक्ति को एकीकृत करने का रास्ता खुल गया है।"
