देश

'हम हमला करने वाले ही थे, तभी रावलपिंडी सहित अन्य एयरबेस पर गिरीं भारत की ब्रह्मोस मिसाइलें', शहबाज का कबूलनामा

अजरबैजान में पाक पीएम ने कहा कि पाकिस्तानी वायु सेना भारत पर हमले की तैयारी में थी लेकिन इसके पहले आठ-नौ मई की रात भारत ने ब्रह्मोस मिसाइलों से एयरबेस पर हमले कर दिए। इससे रावलपिंडी सहित कई एयरबेस को नुकसान पहुंचा।

Image

अजरबैजान में पाक पीएम का कबूलनामा।

Shehbaz Sharif : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आखिरकार मान लिया है कि भारत की जवाबी कार्रवाई में उनके एयरबेस को काफी नुकसान पहुंचा। अजरबैजान में पाक पीएम ने कहा कि पाकिस्तानी वायु सेना भारत पर हमले की तैयारी में थी लेकिन इसके पहले आठ-नौ मई की रात भारत ने अपनी ब्रह्मोस मिसाइलों से एयरबेस पर हमले कर दिए। इससे रावलपिंडी सहित कई एयरबेस को नुकसान पहुंचा।

पाकिस्तान की सशस्त्र सेनाएं तैयार नहीं थीं-शरीफ

लाचिन में पाकिस्तान–तुर्किये–अजरबैजान त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन के दौरान शहबाज ने स्वीकार किया कि भारतीय अभियान 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान की सशस्त्र सेनाएं तैयार नहीं थीं। उन्होंने कहा, '9 और 10 की रात हमने भारतीय आक्रामकता का संतुलित ढंग से जवाब देने का निर्णय लिया।' शरीफ ने कहा,'लेकिन उससे पहले ही भारत ने ब्रह्मोस मिसाइलों से हमला कर दिया। जहां हमला हुए उनमें रावलपिंडी एयरबेस और अन्य स्थान शामिल थे।'

100 से अधिक आतंकी मारे गए

रिपोर्टों के अनुसार, 'ऑपरेशन सिंदूर' में 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराए गए और नौ आतंकवादी लॉन्चपैड्स को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान द्वारा सीमित जवाबी हमला करने के प्रयास के बाद, भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के 11 एयरबेस तबाह कर दिए, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ गई।

9 आतंकवादी ठिकानों पर हुए हमले

बीते 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने 7 मई की रात पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में कुल 9 आतंकवादी ठिकानों पर हमला कर उन्हें तबाह कर दिया। इस हमले में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। इसके बाद पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए भारत पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, हालांकि भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। इसके बाद भारत ने फिर कार्रवाई की और ब्रह्मोस से हमले कर पाकिस्तान के कई एयरबेस को तबाह कर दिया, जिसके बाद पाकिस्तान घुटनों के बल आ गया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article