देश

नगालैंड में गठबंधन सरकार को समर्थन पर शरद पवार बोले, हम BJP के नहीं रियो के साथ हैं

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 9, 2023, 12:19 PM IST

Sharad Pawar News : पवार ने हालांकि यह स्पष्ट किया है कि रियो को समर्थन भाजपा को समर्थन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। मुंबई में एक कार्यक्रम से इतर प्रत्रकारों के सवाल पर एनसीपी प्रमुख कहा, 'यह कि हम भाजपा को समर्थन दे रहे हैं, यह सोचना गलत है। हमने रियो के साथ हाथ मिलाया है, भाजपा के साथ नहीं।'

Image

दो मार्च को आए नगालैंड के चुनाव नतीजे।

Photo : PTI

Nagaland News : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के मुखिया शरद पवार ने नगालैंड में एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन सरकार को अपना समर्थन देने की घोषणा के बाद पहली बार बयान दिया है। रांकापा नेता ने कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले समर्थन दिए जाने को लेकर उनकी रियो के साथ 'बातचीत' हो चुकी थी। नगालैंड में विधानसभा की 60 सीटें हैं। दो मार्च को आए चुनाव नतीजों में यहां एनसीपी के 7 उम्मीदवार जीते। जबकि एनडीपीपी और भाजपा को 37 सीटें मिलीं। चुनाव में एनडीपीपी के 25 और भाजपा के 12 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। राज्य में भाजपा और एनडीपीपी का चुनाव पूर्व गठबंधन था।

चुनाव से पहले रियो से हमारी बात हो चुकी थी-पवार

रिपोर्टों के मुताबिक पवार ने कहा, 'चुनावों से पहले समर्थन दिए जाने को लेकर रियो के साथ हमारी बातचीत हो चुकी थी। एनसीपी को सरकार में शामिल होना चाहिए या विपक्ष में बैठना चाहिए, इस पर भी लंबी बहस हुई थी। नगालैंड के व्यापक हित में एनसीपी ने रियो को समर्थन देने का फैसला किया है।' वहीं एनसीपी के प्रवक्ता नरेंद्र वर्मा ने कहा कि पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक चाहते हैं कि राज्य के व्यापक हित को देखते हुए एनसीपी को सरकार में शामिल होना चाहिए। सरकार में शामिल होने के बारे में अंतिम फैसला शरद पवार करेंगे।

'हमने रियो के साथ हाथ मिलाया है'

पवार ने हालांकि यह स्पष्ट किया है कि रियो को समर्थन भाजपा को समर्थन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। मुंबई में एक कार्यक्रम से इतर प्रत्रकारों के सवाल पर एनसीपी प्रमुख कहा, 'यह कि हम भाजपा को समर्थन दे रहे हैं, यह सोचना गलत है। हमने रियो के साथ हाथ मिलाया है, भाजपा के साथ नहीं।' पवार ने कहा कि साल 2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरी लेकिन सरकार बनाने के लिए उसके पास जरूरी बहुमत नहीं था, ऐसे में एनसीपी ने उसे बाहर से समर्थन देने का निर्णय लिया, तब जाकर देवेंद्र फड़णवीस सीएम बन पाए।

पवार ने समर्थन पर भाजपा को घेरा

पवार ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने मेघालय के नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए लेकिन चुनाव नतीजों की घोषणा होने के बाद सरकार बनाने के लिए भाजपा ने न केवल इन नेताओं से हाथ मिलाया बल्कि पीएम मोदी सीएम कोनार्ड संगमा के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए।
आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article