देश

'शाहरुख खान की याद तब आती है जब...', एक्टर को नेशनल अवॉर्ड मिलने पर क्यों भिड़ी कांग्रेस-भाजपा? पढ़ें क्या है माजरा

शाहरुख खान को फिल्म जवान के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। भाजपा ने इसे उनके अभिनय और योग्यता के आधार पर दिया, जबकि कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह चुनावी राजनीति के चलते किया गया। भाजपा ने कहा कि धर्म या जाति के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया।

Image

शाहरुख खान को नेशनल अवॉर्ड मिलने पर हो रही राजनीतिक बयानबाजी।(फोटो सोर्स: ANI)

Photo : ANI

Shahrukh Khan National Award: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक राज पुरोहित ने कहा है कि कांग्रेस सरकार ने अभिनेता शाहरुख खान को कोई पुरस्कार नहीं दिया लेकिन उनकी पार्टी अभिनेता का मूल्यांकन पूरी तरह से योग्यता के आधार पर करती है। इस पुरस्कार को लेकर दूसरी तरफ विपक्षी दल ने दावा किया कि सरकार ने बिहार विधानसभा चुनावों के कारण ही पिछले 11 वर्षों में पहली बार अभिनेता को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करने के बारे में सोचा।

राज पुरोहित ने यहां ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि कई लोगों को लगता है कि कांग्रेस ने शाहरुख खान को नजरअंदाज किया।

भाजपा ने कभी भी अभिनेता को धर्म के आधार पर नहीं आंका: राज पुरोहित

शाहरुख खान को फिल्म ‘जवान’ में उनकी भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला जिसे उन्होंने ‘12वीं फेल’ अभिनेता विक्रांत मैसी के साथ साझा किया। राज पुरोहित ने कहा कि भाजपा ने कभी भी अभिनेता को धर्म के आधार पर नहीं आंका बल्कि उनकी प्रतिभा और अभिनय क्षमता को मान्यता दी। उन्होंने कहा कि शाहरुख का पुरस्कार जीतना इस आरोप को खारिज करता है कि भाजपा जाति या धार्मिक आधार पर भेदभाव करती है। राज पुरोहित ने कहा कि भाजपा हमेशा एकता, योग्यता और क्षमता में विश्वास रखती है।

कांग्रेस नेता ने क्या लगाया आरोप?

शहर के कांग्रेस के नेता और महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य भाई जगताप ने सत्तारूढ़ भाजपा पर चुनावी लाभ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कारों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। जगताप ने ‘पीटीआई वीडियोज’ से कहा, ‘‘आपने उन्हें इन 11 सालों में कोई राष्ट्रीय पुरस्कार नहीं दिया। अब अचानक क्यों? क्या इसकी वजह बिहार चुनाव है या फिर महाराष्ट्र (स्थानीय निकाय) चुनाव?’’

जगताप ने अभिनेता को बधाई देते हुए कहा कि खान देश के लिए एक सांस्कृतिक संपत्ति हैं। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि पुरस्कार दिए जाने का समय और इसका राजनीतिक संदेश संदिग्ध सवाल हैं। कांग्रेस विधायक ने कहा कि भाजपा ने पहले समाज का ध्रुवीकरण किया और मुसलमानों को चुप करा दिया लेकिन आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के कारण उसे अचानक शाहरुख खान की याद आ गई। जगताप ने कहा, ‘‘शाहरुख खान को सम्मानित करने के पीछे एकमात्र मकसद चुनाव है।’’

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article