Earthquakes Today: सुबह-सुबह देश में भूकंप के कई झटके; लेह से लेकर अंडमान तक डोली धरती
- Authored by: Nishant Tiwari
- Updated Dec 11, 2025, 06:56 AM IST
गुरुवार तड़के देश के कई इलाकों में एक के बाद एक भूकंप के झटके महसूस किए गए। लेह-लद्दाख, मणिपुर और बंगाल की खाड़ी में इन भूकंपों का केंद्र रहा। आधी रात के करीब अंडमान समुद्र में भी एक भूकंप का झटका दर्ज किया गया।
गुरुवार की सुबह देश के कई इलाके बने भूकंप का केंद्र (सांकेतिक तस्वीर)
Earthquake News: गुरुवार तड़के लेह-लद्दाख से लेकर अंडमान समुद्र तक अलग-अलग केंद्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप केंद्र (NCS) के अनुसार सभी भूकंप हल्के से मध्यम तीव्रता के रहे। NCS के मुताबिक सुबह 3 बजकर 38 मिनट पर बंगाल की खाड़ी में 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। उसके बाद 4 बजकर 11 मिनट पर उखरुल, मणिपुर में 3.4 तीव्रता का भूकंप आया। 4 बजकर 31 मिनट पर लेह लद्दाख, 3.7 की तीव्रता के भूकंप का केंद्र रहा। अभी तक किसी भी जगह से कोई जानमाल की हानि या संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं आई है। इसके अलावा आधी रात को 12 बजकर 18 मिनट पर अंडमान समुद्र में भी 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।
लेह में 3.7 तीव्रता का भूकंप
लद्दाख के लेह में गुरुवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, यह भूकंप रिक्टर स्केल पर 3.7 तीव्रता का था। भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। NCS ने अपनी एक्स पोस्ट में बताया कि भूकंप सुबह करीब 4:31 बजे दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि लेह भूकंप जोन-IV में स्थित है, जहां मध्यम से गंभीर भूकंपों का खतरा बना रहता है। वर्ष 2025 में अब तक लद्दाख में 4.0 से अधिक तीव्रता वाले पांच भूकंप दर्ज किए गए हैं। इनमें मार्च में आया 5.1 तीव्रता का भूकंप सबसे शक्तिशाली रहा।
मणिपुर भी रहा केंद्र
मणिपुर राज्य के उखरुल जिले में भी गुरुवार को रिक्टर स्केल पर 3.4 तीव्रता का भूकंप आया। भारतीय मानक समय (IST) के अनुसार तड़के 4:11 बजे यह झटका महसूस किया गया। NCS ने 'एक्स' पर पोस्ट कर जानकारी दी कि भूकंप का केंद्र तल से 40 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
गौरतलब है कि नए भूकंपीय नक्शे के मुताबिक मणिपुर भूकंप जोन-VI में आता है, जहां मध्यम से गंभीर भूकंपों का खतरा बना रहता है। इसके अलावा सुबह 3:38 पर बंगाल की खाड़ी में 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया और आधी रात को 12:18 मिनट पर अंडमान समुद्र में भी 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।