देश

Chhattisgarh Encounter: बीजापुर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, 3 दिनों में दो टॉप नक्सली लीडर समेत सात ढेर

Chhattisgarh Encounter: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो महिला समेत 5 नक्सलियों को ढेर कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार चार जून से बीजापुर जिले के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान जारी है।

Image

बीजापुर में नक्सल विरोधी अभियान जारी

Photo : ANI

Chhattisgarh Encounter: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो महिला समेत 5 नक्सलियों को ढेर कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों ने पिछले तीन दिनों में दो टॉप नक्सली लीडर समेत कुल सात नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए सभी सात नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

कहां चलाया गया नक्सल विरोधी अभियान

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार चार जून से बीजापुर जिले के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान जारी है। इस अभियान में राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (STF), जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की विशिष्ट इकाई कोबरा बटालियन के जवान शामिल हैं।

इनामी नक्सली भी ढेर

उन्होंने बताया कि पांच जून को सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में माओवादियों के नेता सुधाकर उर्फ गौतम का शव बरामद किया गया था। इसके बाद छह जून को तेलंगाना स्टेट कमेटी सदस्य भास्कर का शव बरामद किया गया। सुधाकर पर 40 लाख रुपये तथा भास्कर पर 45 लाख रुपये का इनाम था।

गोला-बारूद बरामद

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को हुई मुठभेड़ों के दौरान तीन अन्य माओवादियों का शव बरामद किया। वहीं आज दो अन्य नक्सलियों का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों द्वारा बरामद पांच अज्ञात नक्सली शवों की पहचान करने का प्रयास जारी है। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा जब्त किया है, जिसमें दो एके-47 राइफल भी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान कुछ सुरक्षाकर्मी सांप के काटने, मधुमक्खी के डंक मारने, निर्जलीकरण और अभियान संबंधी अन्य चोटों के कारण घायल हो गए। उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय उपचार प्रदान किया जा रहा है। सभी की स्थिति सामान्य है तथा वह खतरे से बाहर हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

इससे पहले, सुरक्षाबलों ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू (70) को बस्तर क्षेत्र में मार गिराया था। बसवराजू 21 मई को नारायणपुर-बीजापुर जिले की सीमा में हुई मुठभेड़ में मारा गया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article