Humayun Kabir : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तरह प्रस्तावित मस्जिद के निर्माण को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है। तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक हुंमायू कबीर ने शुक्रवार को मस्जिद का शिलान्यास कार्यक्रम रखा है। इलाके में त्वरित कार्य बल (RAF) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को तैनात किया गया है। केंद्रीय बलों ने रूट मार्च किया और प्रस्तावित मस्जिद निर्माण स्थल के पास के इलाकों में गश्त करते देखे गए।इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हुंमायू कबीर को चेतावनी दी है।
बता दें कि निलंबित टीएमसी विधायक ने इलाके में एक मस्जिद बनाने का प्रस्ताव रखा है, और इसका शिलान्यास समारोह छह दिसंबर को निर्धारित है। अयोध्या में बाबरी मस्जिद छह दिसंबर को ढहाया गया था। निलंबित टीएमसी विधायक ने प्रशासन से कहा कि उनके स्वयंसेवक मैदान पर मौजूद रहेंगे और विश्वास जताया कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा। कबीर को रेजीनगर में मंच की तैयारियों की निगरानी करते देखा गया था। कबीर ने कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगते हुए एक औपचारिक अनुरोध प्रस्तुत किया, लेकिन एक अधिकारी ने कहा कि प्रशासन ने अभी तक मंजूरी नहीं दी है।
कबीर ने विधायक पद से दिया इस्तीफा
पार्टी के आंतरिक मामलों सहित अन्य मामलों पर विवादास्पद बयानों के कारण अतीत में सुर्खियों में रहे कबीर को बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस ने "सांप्रदायिक राजनीति" में शामिल होने के लिए निलंबित कर दिया था। निलंबित नेता ने बाद में विधायक पद से इस्तीफा देने और इस महीने के अंत में अपनी पार्टी शुरू करने के अपने फैसले की घोषणा की।
भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कबीर को दी चेतावनी
वहीं भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कबीर को चेतावनी दी कि अगर वह शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में ‘बाबरी मस्जिद’ की तर्ज पर प्रस्तावित मस्जिद की आधारशिला रखने की अपनी योजना पर आगे बढ़े, तो वह उन्हें ‘बाबर के पास भेज देंगे।’सिंह ने शुक्रवार को कहा, 'अगर कबीर यहां बाबरी मस्जिद बनाने की कोशिश करेंगे, तो मैं उन्हें बाबर (मुगल बादशाह) के पास भेज दूंगा। कोई आधारशिला समारोह नहीं होगा, यह सब नाटक है।' उन्होंने कहा, 'भारत हिंदू बहुल राष्ट्र है। कोई मस्जिद बना सकता है लेकिन ‘बाबरी’ का नाम लेना संविधान का अपमान है।'
हिंदू मतदाताओं को गुमराह करने के लिए निलंबित किया-सुवेंदु
बृहस्पतिवार को मुर्शिदाबाद में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रैली के दौरान तनाव उस समय और बढ़ गया, जब उन्होंने कबीर का नाम लिए बिना उन पर बार-बार निशाना साधा। उन्होंने मीर जाफर का जिक्र किया और संगठन को कमजोर करने वाले ‘कीड़ों’ के खिलाफ चेतावनी दी। इस टिप्पणी को व्यापक रूप से भरतपुर के विधायक कबीर पर निशाना माना गया। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी इस मुद्दे पर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि कबीर का निलंबन ‘हिंदुओं को मूर्ख बनाने का नाटक’ है।अधिकारी ने पुरुलिया में दावा किया, 'उन्हें (कबीर को) चुनाव से पहले हिंदू मतदाताओं को गुमराह करने के लिए निलंबित किया गया है।'
