देश

एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट में जबरन कॉकपिट का दरवाजा खोलने लगा यात्री, CISF के हवाले किया गया

पायलट कमांड ने अपहरण के डर से कॉकपिट को खोलने नहीं दिया। इस यात्री को CISF के हवाले कर दिया गया है। जानिए क्या है पूरा मामला...

Image

Air India Express फ्लाइट में यात्री की हरकत से हड़कंप (File photo: istock)

Air India Express Flight IX-1086: बेंगलुरु-वाराणसी एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-1086 पर उस समय भारी अफरातफरी मच गई और सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा जब एक यात्री ने जबरन कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। पायलट कमांड ने अपहरण के डर से कॉकपिट को खोलने नहीं दिया। इस यात्री को CISF के हवाले कर दिया गया है।

एअर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान में बताया, “हमें वाराणसी जाने वाली हमारी एक उड़ान में हुई घटना की जानकारी मिली है, जहां एक यात्री शौचालय की तलाश में कॉकपिट प्रवेश क्षेत्र में पहुंच गया। हम पुष्टि करते हैं कि सुरक्षा के पुख्ता प्रोटोकॉल लागू हैं और सुरक्षा से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया गया।”

विमानन कंपनी ने कहा कि मामले की सूचना विमान के उतरते समय संबंधित अधिकारियों को दे दी गई थी और फिलहाल मामले की जांच जारी है।

वाराणसी में अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कर्मियों ने विमान के उतरते ही एक व्यक्ति व उसके आठ साथियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें स्थानीय फूलपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि उस व्यक्ति ने उड़ान के दौरान कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की थी। सिंह ने बताया, “उसे (कॉकपिट में प्रवेश की कोशिश करने वाले व्यक्ति को) उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया और हमें सौंप दिया गया। सभी नौ लोग बेंगलुरु के रहने वाले थे और तीर्थयात्रा के लिए वाराणसी आए थे। उनसे पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई उसके आधार पर की जाएगी।”

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article