जम्मू कश्मीर के पुंछ में सीमा पार से ड्रोन के जरिए भारत में हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी की एक और साजिश का खुलासा हुआ है। पुंछ जिले के खानतर क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री गिराई गई, जिसका भंडाफोड़ रोमियो फोर्स और पुंछ स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) द्वारा चलाए गए एक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान हुआ।
बरामदगी में मिले घातक हथियार
सुरक्षाबलों को तलाशी के दौरान जो खेप मिली, उसमें अत्यधिक घातक और रणनीतिक रूप से खतरनाक सामग्री शामिल है। इन हथियारों का प्रयोग जाहिर तौर पर आतंकियों को दहशत फैलाने के लिए करना था। इस तरह की खेप की बरामदगी स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि सीमा पार से आतंकवादी समूह जम्मू-कश्मीर में हिंसा फैलाने और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की लगातार साजिशें रच रहे हैं।
हथियार में क्या-क्या मिला
- 6 चीनी ग्रेनेड
- 2 पाकिस्तान निर्मित पिस्तौल
- 3 मैगजीन
- 1 अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (UBGL)
- 1 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED)
- 1 रिमोट कंट्रोल उपकरण
सुरक्षा बलों की तत्परता से टली बड़ी साजिश
रोमियो फोर्स और पुंछ SOG की सतर्कता और मुस्तैदी से न केवल एक बड़ी साजिश नाकाम हुई, बल्कि क्षेत्र में संभावित आतंकी हमले को भी रोका गया। जिस तरह से IED और ग्रेनेड जैसी सामग्रियों को सीमा पार से भेजा गया था, उससे यह साफ है कि किसी बड़े हमले की तैयारी की जा रही थी।
जांच और निगरानी बढ़ी
सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी और निगरानी बढ़ा दी है। ड्रोन के जरिए हो रही इस तरह की घुसपैठ और तस्करी को रोकने के लिए उच्च तकनीक की मदद ली जा रही है। साथ ही, स्थानीय निवासियों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या सेना को देने के निर्देश दिए गए हैं।
