देश

Jammu Kashmir: सुरक्षाबलों ने कुपवाड़ा में चलाया 'ऑपरेशन बंदी', हथियार और गोला-बारूद बरामद

Jammu Kashmir: भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुपवाड़ा क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 2 पिस्तौल, 4 पिस्तौल मैगजीन और अन्य गोला-बारूद बरामद किए गए। इससे पहले, 5 फरवरी को बारामूला जिले के उरी सेक्टर के एक इलाके में सुरक्षाबलों ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था।

Image

भारतीय सेना (फाइल फोटो)

Jammu Kashmir: भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुपवाड़ा क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 2 पिस्तौल, 4 पिस्तौल मैगजीन और अन्य गोला-बारूद बरामद किए गए। कुपवाड़ा के चन्नीपुरा पेन स्थित बांदी मोहल्ला में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को ज्वाइंट सर्च ऑपरेशन चलाया। यह ऑपरेशन विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया। भारतीय सेना के चिनार कोर ने इस ऑपरेशन को लेकर जानकारी साझा की।

गोला-बारूद बरामद

भारतीय सेना के चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऑपरेशन की जानकारी देते हुए लिखा, "ऑपरेशन बंदी, कुपवाड़ा। 14 फरवरी 2025 को विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा सामान्य क्षेत्र बंदी मोहल्ला, चन्नीपुरा पैन, कुपवाड़ा में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। तलाशी के दौरान 2 पिस्तौल, 4 पिस्तौल मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया गया है। ऑपरेशन जारी है।"

इससे पहले, 5 फरवरी को बारामूला जिले के उरी सेक्टर के एक इलाके में सुरक्षाबलों ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था। उरी सेक्टर के अंगनपथरी वन क्षेत्र में एक खोखले देवदार के पेड़ से हथियारों और गोला-बारूद का एक जखीरा बरामद किया गया था। इसमें 3 एके-47 राइफल, 11 मैगजीन, 292 गोलियां, एक अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यूबीजीएल), 9 यूबीजीएल ग्रेनेड और 2 हैंड ग्रेनेड थे। इन हथियारों को कंबल में लपेट कर रखा गया था।

जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना ने खुफिया सूत्रों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जिसमें बताया गया था कि बारामूला के जंगलों में आतंकियों ने हथियारों का जखीरा छिपा रखा गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article