देश

नफरती गैंग पर लगाम कब? अमरावती से लेकर अमेठी तक लगे 'सिर तन से जुदा' के नारे

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 12, 2022, 09:45 AM IST

देश के कई राज्यों में 'सिर तन से जुदा' के नारे लगने का मामला सामने आया है। राजस्थान, महाराष्ट्र और यूपी में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। ताजा घटना अमेठी की है, जहां 'सिर तन से जुदा' के नारे लगे हैं। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

देश में नफरती गैंग एक बार फिर से दहशत और नफरत फैलाने में लगा हुआ है। कई राज्यों में 'सिर तन से जुदा' के नारे लगने के मामले सामने आ चुके हैं। अभी तक इन मामलों में गिरफ्तारियां तो हुईं हैं, लेकिन इन एक्शन के बावजूद ऐसे नारे लग ही रहे हैं।

राजस्थान के जोधपुर से लेकर, महाराष्ट्र के अमरावती और फिर यूपी में मिर्जापुर, बरेली और अब अमेठी तक में 'सिर तन से जुदा' के नारे लगने के मामले सामने आ चुके हैं। मिर्जापुर में जहां 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है तो वहीं अमेठी में सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। अमेठी में पुलिस ने 9 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामल दर्ज किया है। एक धार्मिक जुलूस में 'सिर तन से जुदा' के नारे लगे हैं।

वहीं महाराष्ट्र के अमरावती में 'सिर तन से जुदा' के नारे लगाने पर 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यहां रविवार को ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर अमरावती के ग्रामीण इलाके में निकाले गए जुलूस के दौरान ये नारे लगाए गए थे। नारे लगाने का एक वीडियो भी यहां सामने आया था।

वहीं राजस्थान के जोधपुर जिले के पीपड़ कस्बे में रविवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर निकाले गए जुलूस में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। इस जुलूस में भी 'सिर तन से जुदा' के नारे लगाए गए। राजस्थान पुलिस ने कथित तौर पर हिंदू विरोधी नारे लगाने के लिए और भीड़ को उकसाने के आरोप में रोशन अली नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article