देश

जेल में बंद संजय सिंह को दोबारा राज्यसभा भेजेगी AAP, नामांकन की मिली अनुमति, स्वाति मालिवाल भी होंगी उम्मीदवार

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jan 5, 2024, 03:58 PM IST

Sanjay Singh: प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले साल 4 अक्टूबर को संजय सिंह को गिरफ्तार किया था। पिछले साल 22 दिसंबर को ट्रायल कोर्ट ने उनकी जमानत खारिज कर दी थी ...

Image

संजय सिंह

Photo : ANI

Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी जेल में बंद अपने सांसद संजय सिंह को दोबारा राज्यसभा भेज रही है। अदालत ने भी संजय को राज्यसभा के लिए फिर से नामांकन के लिए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दे दी है, क्योंकि उनका मौजूदा कार्यकाल 27 जनवरी को समाप्त हो रहा है। आप नेता संजय सिंह को उनके मौजूदा कार्यकाल की समाप्ति से पहले पार्टी ने राज्यसभा सांसद के रूप में नामित किया था। इस संबंध में एक अंडरटेकिंग पर संजय सिंह के हस्ताक्षर लेने की अनुमति के लिए दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में एक आवेदन दायर किया गया था।

संजय का कार्यकाल 27 जनवरी को खत्म हो रहा

विशेष न्यायाधीश एम के नागपाल ने संजय सिंह की अर्जी पर यह आदेश पारित किया। संजय ने कहा था कि राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका मौजूदा कार्यकाल 27 जनवरी को खत्म हो रहा है और निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव कराने और इसके लिए नौ जनवरी तक नामांकन दाखिल करने का एक नोटिस दो जनवरी को जारी किया। अर्जी में तिहाड़ जेल के अधीक्षक को संजय सिंह को दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति देने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था।

आप ने स्वाति मालीवाल को भी उम्मीदवार बनाया

इसके अलावा आप ने 19 जनवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को शुक्रवार को अपना उम्मीदवार नामित किया। संजय सिंह के अलावा एन डी गुप्ता को भी ऊपरी सदन में दूसरे कार्यकाल के लिए दोबारा नामित किया है। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने नामांकन की घोषणा की। एक सूत्र ने कहा, डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को पहली बार नामित किया गया है। पीएसी ने संजय सिंह और एन डी गुप्ता को राज्यसभा सदस्य के तौर पर उनके दूसरे कार्यकाल के लिए दोबारा नामित करने का फैसला किया है।

सुशील कुमार गुप्ता नहीं लड़ेंगे चुनाव

सूत्र ने बताया कि सुशील कुमार गुप्ता का राज्यसभा सदस्य के तौर पर कार्यकाल इस महीने खत्म हो जाएगा। उन्होंने हरियाणा की चुनावी राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय रहने की अपनी अच्छा जताई है जहां जहां आप इस साल के अंत में चुनाव लड़ना चाहती है। दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले से संबंधित धन शोधन के एक मामले में गिरफ्तार संजय सिंह को यहां एक अदालत ने राज्यसभा सदस्य के तौर पर दोबारा नामांकन के लिए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दे दी है।

जमानत के लिए दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे संजय सिंह

इस बीच, संजय सिंह ने दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत के लिए गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले साल 4 अक्टूबर को संजय सिंह को गिरफ्तार किया था। पिछले साल 22 दिसंबर को ट्रायल कोर्ट ने उनकी जमानत खारिज कर दी थी और कहा था कि कोर्ट का प्रथम दृष्टया मानना है कि उनके खिलाफ मामला वास्तविक है। सबूत मनी लॉन्ड्रिंग के कथित अपराध में उनकी संलिप्तता को दर्शाते हैं। ऐसा मानने के लिए उचित आधार हैं और वह मनी लॉन्ड्रिंग के कथित अपराध का दोषी हैं। (पीटीआई-भाषा इनपुट)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article