Sangh Jeevan: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) ने शुक्रवार को कहा कि संघ कार्यकर्ता साधारण जीवन जीते हैं, लेकिन समाज के उत्थान के लिए प्रयास करते हुए अक्सर अपने कार्यों से असाधारण ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।
संघ प्रमुख ने क्या कुछ कहा?
नागपुर में दो पुस्तकों - 'संघ - जीवन भाग 1 और 2' के विमोचन के अवसर पर भागवत ने कहा कि संघ के स्वयंसेवक बिना किसी पहचान या प्रशंसा की इच्छा के अपने कर्तव्यों का निर्वाह सहजता से करते हैं। संघ का मुख्यालय नागपुर में है। इस साल अक्टूबर में संघ की स्थापना 100 साल पूरे हो जाएंगे।
भागवत ने कहा कि संघ कार्यकर्ता सभी की मदद करते हैं, साधारण जीवन जीते हैं, लेकिन अनजाने में असाधारण मुकाम हासिल कर लेते हैं। वे जानते हैं कि पूरे समाज को उस मुकाम तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा, “वे सहजता से अच्छा काम करते हैं; उन्हें कोई अतिरिक्त विशेष प्रयास नहीं करना पड़ता। संघ कार्यकर्ता ऐसा करते रहते हैं।”
कार्यक्रम में विमोचित पुस्तकों का उल्लेख करते हुए संघ नेता ने कहा कि ये पुस्तकें इनके लेखक रामचंद्र देवतारे के प्रत्यक्ष अनुभवों पर आधारित हैं और सरल, सुलभ शैली में लिखी गई हैं।
