देश

मोहन भागवत का न्यूयॉर्क दौरा: हिंदू संगठन ने जारी की एडवाइजरी, कौन सा संगठन करेगा विरोध प्रदर्शन?

न्यूयॉर्क में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर विरोध-प्रदर्शन की तैयारी के बीच हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) ने कार्यक्रम में शामिल होने वालों से प्रदर्शनकारियों के साथ टकराव से बचने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की है। एचएएफ ने सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना कानून प्रवर्तन अधिकारियों को देने और खतरा महसूस होने पर इलाके से निकलने की सलाह दी है।

Image

न्यूयॉर्क में मोहन भागवत के कार्यक्रम पर विरोध का साया, HAF की लोगों से टकराव से बचने की अपील। PTI

Photo : PTI

अमेरिका स्थित हिंदू-अमेरिकी समुदाय के एक संगठन ने न्यूयॉर्क में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से शनिवार को होने वाले कार्यक्रम का विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ किसी भी तरह के टकराव से बचने की अपील की है।

अमेरिका स्थित गैर-लाभकारी संगठन ‘हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन’ (एचएएफ) ने चेतावनी दी है कि मैडिसन स्क्वायर गार्डन स्थित इन्फोसिस थिएटर में शनिवार को होने वाले ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन्स’ कार्यक्रम को बाधित करने और इसे रद्द कराने की कोशिशें की जा सकती हैं। इस कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत शामिल होंगे। ‘हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स’ और समान विचारधारा वाले अन्य संगठनों ने शनिवार को मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर प्रदर्शन करने की योजना बनाई है। यह प्रदर्शन आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम के दौरान ही होगा।

‘हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स’ की उप कार्यकारी निदेशक श्रव्या ताडेपल्ली ने कहा, “मोहन भागवत हिंदुओं का प्रतिनिधित्व नहीं करते। वह एक कट्टरपंथी हिंदू राष्ट्रवादी आंदोलन का नेतृत्व करते हैं, जिसने अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ हिंसा, बहिष्कार और भय को बढ़ावा दिया है।”

मेयर जोहरान ममदानी से भी अपील

एचएएफ ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से भी अपील की है कि वे सभी न्यूयॉर्कवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के अपने शपथबद्ध दायित्व का पालन करें, जिसमें मैडिसन स्क्वायर गार्डन में कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोग भी शामिल हैं। संगठन ने सभी की सुरक्षा और नागरिक अधिकारों की गारंटी देने की मांग की है। एचएएफ ने कहा, “अगर आप कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं: सभ्य व्यवहार करें और सभी के शांतिपूर्वक एकत्र होने, प्रदर्शन करने और अपने विचार व्यक्त करने के अधिकार का सम्मान करें।”

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने को कहा

संगठन ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से अपने आसपास के माहौल के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना कानून प्रवर्तन अधिकारियों को देने को कहा है।

उसने कहा, “अगर आपको खतरा महसूस हो तो उस क्षेत्र से निकल जाएं और कार्यक्रम की सुरक्षा टीम या कानून प्रवर्तन अधिकारियों से संपर्क करें। आपात स्थिति में 911 पर फोन करें। भड़काऊ या धमकी भरे बयान देने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ टकराव या झगड़े से बचें।”

संगठन ने लोगों से नफरत से जुड़ी घटनाओं, धमकियों, तोड़फोड़, संदिग्ध गतिविधियों या किसी अन्य अपराध की सूचना सुरक्षा कर्मियों या कानून प्रवर्तन अधिकारियों को देने की भी अपील की है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article