देश

Defaulter Account: डिफॉल्टर खाताधारकों के लिए सुप्रीम कोर्ट से आई राहत भरी खबर

  • Authored by: गौरव श्रीवास्तव
  • Updated Mar 27, 2023, 07:33 PM IST

defaulter bank account: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि किसी कर्जदार के बैंक खाते को 'धोखाधड़ी' वाला वर्गीकृत करने से पहले उसे सुनवाई का अवसर मिलना चाहिए और यदि ऐसी कार्रवाई की जाती है तो एक तर्कपूर्ण आदेश का पालन होना चाहिए।

Image

सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसला देते हुए कहा है कि किसी भी कर्जा लेने वाले खाताधारक के बैंक खाते को फ्रॉड घोषित करने से पहले सुनवाई मौका दिया जाना चाहिए। मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच ने एसबीआई की याचिका पर सुनवाई के बाद ये आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने 2020 के तेलंगाना हाईकोर्ट के फैसले को पूरी तरह से सही माना है।

प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत का हो पालन

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के मास्टर डायरेक्शन का पालन हो लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि कानून में दिए गए प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत का पालन ही न हो। दरअसल 2016 में आरबीआई ने एक सर्कुलर जारी किया था, इस सर्कुलर के मुताबिक विलफुल डिफॉल्टर्स के बैंक खातों को फ्रॉड खातों को श्रेणी में डालने का आदेश दिया था। लेकिन ये सर्कुलर लोन डिफॉल्ट की वजहों को बैंक के सामने रखने का कोई मौका नहीं देता है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी भी उधार लेने वाले को फ्रॉड घोषित करने के बाद अपराधिक और दीवानी मुकदमों का सामना करना पड़ता है। ऐसे खाताधारकों को बैंक में किसी भी तरह के लेनदेन के लिए ब्लैकलिस्ट भी कर दिया जाता है। ऐसे में बैंकों द्वारा ये उधार लेने वाले की पूरी सुनवाई के बाद सोच समझ कर लेना चाहिए।

क्या है पूरा मामला

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर तेलंगाना हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी। हाईकोर्ट की डिविजन बेंच ने 2020 में राजेश अग्रवाल की याचिका पर आदेश देते हुए कहा था कि किसी भी खाताधारक को फ्रॉड घोषित करने से पहले उसे अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया जाना चाहिए जबकि आरबीआई के 2016 के सर्कुलर में इस तरह का कोई प्रावधान नहीं है।

गौरव श्रीवास्तव
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article