देश

प्रचंड गर्मी से झुलस उठा देश, दिल्ली के नजफगढ़ में 47.8 डिग्री पहुंचा तापमान; कई राज्यों में रेड अलर्ट

Weather Update: देशभर में रविवार को भीषण गर्मी का सितम झेलना पड़ा। राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में अधिकतम तापमान 47.8℃ दर्ज किया गया, जो इस साल का भारत में सबसे अधिक तापमान है। उसके बाद यूपी के आगरा में 47.7℃ तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

Image

भीषण गर्मी का सितम।

Heatwave: दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने ये जानकारी साझा की है कि हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों और पश्चिम उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और उत्तरी मध्य प्रदेश, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग/कुछ इलाकों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति देखी गई।

गर्मी का सितम, आसमान से बरसी आग

भारत के कई हिस्सों में रविवार को भीषण गर्मी का सितम देखने को मिला, जिसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो इस साल की गर्मी में देश का अब तक सबसे अधिक तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की जानकारी दी है। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाके भी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के गंगानगर में अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मध्य प्रदेश के दतिया में अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री पर पहुंचा। हरियाणा के नूंह और सिरसा में भी अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार को अधिकतम तापमान 47.7 डिग्री दर्ज किया गया। जो देश का दूसरा सबसे अधिक तापमान रहा।

आईएमडी ने कई हिस्सों में जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के कार्यालय ने दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है साथ ही "संवेदनशील लोगों की अत्यधिक देखभाल" की आवश्यकता पर जोर दिया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से ग्रस्त लोगों समेत संवेदनशील व्यक्तियों की "उच्च स्वास्थ्य देखभाल" पर जोर दिया गया है।

Heatwave Weather Update

गर्मी और लू।

'संवेदनशील लोगों के लिए अत्याधिक एहतियात बरतें'

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को दिल्ली में मोटे तौर पर आसमान साफ रहने, कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने और 25-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। सात दिन के लिए पूर्वानुमान जताते हुए आईएमडी ने भीषण गर्मी के कारण "संवेदनशील लोगों के लिए अत्याधिक एहतियात बरतने" का आग्रह किया है।

गर्मी से बचने के लिए मौसम विभाग ने दिया ये सुझाव

सम विभाग ने कहा कि भीषण गर्मी सभी उम्र के लोगों विशेषकर शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों वाले कमजोर व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य के मद्देनजर चिंता का विषय है। मौसम विभाग ने शरीर में पानी की कमी नहीं हो, इसके लिए पर्याप्त पानी पीने और ओआरएस या घर पर बने पेय जैसे लस्सी, तोरानी (चावल का पानी), नींबू पानी और छाछ का उपयोग करने का सुझाव भी दिया।

मौसम विभाग के अनुसार लू की स्थिति तब उत्पन्न होती है जब अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री या इससे अधिक होता है और कम से कम 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। यदि तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक हो तो भीषण लू की घोषणा की जाती है। रविवार को दिन में दिल्ली में सापेक्षिक आर्द्रता 57 प्रतिशत से 15 प्रतिशत के बीच रही।

Heatwave Weather

तापमान पहुंचा 47 डिग्री सेल्सियस के पार।

राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का सितम

राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का सितम रविवार को भी जारी रहा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है और मौसम केंद्र के अनुसार इसके आगे भी जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। पिछले कुछ दिन की भीषण गर्मी से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। गांवों-शहरों में दोपहर में सड़कें सूनी हो जाती हैं। लोग बेहद जरूरी काम के लिए ही बाहर निकल रहे हैं। राजधानी जयपुर समेत कई शहरों में नगर निकायों द्वारा सड़कों पर पानी का छिड़काव भी करवाया जा रहा है ताकि लोगों को कुछ राहत मिले।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article