देश

Deepfake Video: रश्मिका मंदाना का डीपफेक बनाने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने आंध्र प्रदेश से पकड़ा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 20, 2024, 05:01 PM IST

Rashmika Mandanna Deepfake Video Case: रश्मिका मंदाना का जो डीपफेक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ था, वह एक लड़की जारा पटेल का है, जो एक ब्रिटिश इंडियन इंफ्लुएंसर है। वीडियो वायरल होने के बाद अभिनेत्री रश्मिका मंदाना काफी नाराज हुई थीं।

Image

रश्मिका मंदाना का डीपफेक वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Photo : ANI

Rashmika Mandanna Deepfake Video Case: बॉलीवुड अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के डीपफेक वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने अभिनेत्री का डीपफेक बनाने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश से हुई, जिसके बाद आरोपी को दिल्ली लाया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी पर संदेह है कि उसने ही वीडियो बनाया था। पुलिस ने आरोपी की पहचान ईमानी नवीन के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) इकाई में 10 नवंबर को भारतीय दंड संहिता की धाराओं 465 (जालसाजी के लिए सजा), 469 (प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जालसाजी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं 66सी और 66ई के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।

दिल्ली पुलिस ने 'मेटा' से मांगी थी जानकारी

पुलिस के अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के तुरंत बाद आईएफएसओ इकाई ने यूआरएल और अन्य विवरण प्राप्त करने के लिये मेटा को पत्र लिखा था, जिससे वीडियो बनाने वाले और सोशल मीडिया पर उसे डालने वाले आरोपी की पहचान की जा सके। बता दें, मेटा सोशल मीडिया मंच फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और थ्रेड्स की मूल कंपनी है। मेटा से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।

जारा पटेल की थी वीडियो

बता दें, बीते दिनों रश्मिका मंदाना का जो डीपफेक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ था, वह एक लड़की जारा पटेल का है, जो एक ब्रिटिश इंडियन इंफ्लुएंसर है। वीडियो वायरल होने के बाद अभिनेत्री रश्मिका मंदाना काफी नाराज हुई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि मेरा डीपफेक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रही है, जिसके बारे में बात करते हुए मुझे बेहद दुख हो रहा है। ईमानदारी से कहूं तो आर्टिफिशियर इंटेलीजेंस सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि हममें से हर एक के लिए बेहद डरावना है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article