देश

'भाजपा का ऑपरेशन लोटस हो गया शुरू', संजय सिंह बोले- बागी सांसदों ने पंजाब के लोगों के साथ किया विश्वासघात

आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने राघव चड्ढा सहित बागी सांसदों पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में AAP के अच्छे काम को रोकने के लिए भाजपा का ’ऑपरेशन लोटस’ शुरू हो गया है।

Image

राघव चड्ढा सहित तीन सांसदों ने छोड़ी पार्टी; AAP की प्रतिक्रिया आई सामने

Political Clash in AAP: आम आदमी पार्टी (AAP) में शुक्रवार को उस वक्त बड़ी फूट की सूचना जनता के सामने आई जब राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी को अलविदा कहा। इस दौरान, उन्होंने दावा किया कि AAP के लगभग दो-तिहाई राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और वे एक गुट के रूप में भाजपा में शामिल होंगे। इस पर, आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई, जिसमें उन्होंने राघव चड्ढा सहित बागी सांसदों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के अच्छे काम को रोकने के लिए भाजपा का 'ऑपरेशन लोटस' शुरू हो गया है।

संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि इन लोगों ने पंजाब के लोगों के साथ गद्दारी की है। उन्होंने कहा, 'आज मन बहुत व्यथित है, एक अच्छी सरकार पंजाब में चल रही है और भगवंत मान वहां के लोगों के लिए अच्छा काम कर रहे हैं और उनके खिलाफ ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा है।

बता दें कि राघव चड्ढा को हाल ही में राज्यसभा में पार्टी के उपनेता के पद से हटाया गया था और उनके सदन में बोलने पर भी रोक लगाई गई थी। उनकी जगह AAP ने अशोक मित्तल को ये जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, अब अशोक मित्तल, संदीप पाठक और राघव चड्ढा ने भाजपा में शामिल होने की बात कही है।

'अशोक मित्तल के घर पर ED का छापा'

इस दौरान, आम आदमी पार्टी नेता अनुराग ढांडा ने कहा, "इनका चरित्र क्या है वो आज देश ने देख लिया। पंजाब में भगवंत मान की सरकार अच्छा काम कर रही है। इनको पता है कि ये किसी हालत में वहां हरा नहीं सकते। वहां AAP की सरकार वापस आने वाली है। 3 दिन पहले अशोक मित्तल के यहां ED का छापा पड़ा फिर सभी को उदाहरण दिया गया कि हम आपके यहां भी कर सकते हैं। सभी को तोड़कर फिर ले जाते हैं।"

'BJP बागी सांसदों के जरिए रच रही साजिश'

संजय सिंह ने राघव चड्ढा पर बरसते हुए कहा, ''जिन नेताओं को पार्टी ने बहुत कम उम्र में राज्यसभा भेजा, उन्होंने पंजाब की जनता के साथ धोखा किया'' उन्होंने कहा कि भाजपा, भगवंत मान सरकार को अस्थिर करने के लिए पंजाब के बागी सांसदों के जरिए साजिश रच रही है।

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, ''भाजपा का ऑपरेशन लोटस और राजनीति का खेल जिसमें भगवंत मान के कार्य रोकने का काम बड़े पैमाने पर शुरू हो गया है... पंजाब की सरकार वहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का काम करती है... पंजाब के किसी भी व्यक्ति को कोई रोग हो तो 10 लाख रुपए तक का इलाज कराने का काम किया जाता है। ऐसी सरकार को भाजपा ने रोकने और तोड़ने का काम किया है... आज AAP राज्यसभा के 7 सांसद अलग होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। इन सातों नामों को पंजाब की जनता माफ नहीं करेगी।

संजय सिंह ने कहा, ''राघव चड्ढा को AAP ने क्या नहीं दिया लेकिन वे भाजपा में चले गए... इन सभी नेताओं को AAP ने जमीन से उठाकर संसद तक पहुंचाने का काम किया था लेकिन इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता को धोखा दिया है...''

'आपको पंजाब की जनता कभी माफ नहीं करेगी'

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, ''मैं प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से कहना चाहता हूं कि आपने भगवंत मान के कार्यों को रोकने का जो काम किया है, उसके लिए आपको पंजाब की जनता कभी माफ नहीं करेगी... आज पंजाब जैसी अच्छी सरकार के साथ ऑपरेशन लोटस का खेल खेला जा रहा है... प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करके ऑपरेशन लोटस का तंत्र चलाया जा रहा है।''

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article